झारखंड में शराब घोटाला: ईडी ने मंत्री रामेश्वर उरांव के आवास से 30 लाख रुपए नगद बरामद किए | विनय सिंह के आवास से करोड़ों के जेवरात मिले


ईडी ने रांची, हजारीबाग, जामताड़ा, हजारीबाग, गोड्डा, देवघर, दुमका और गिरिडीह में छापेमारी की
रांची। झारखंड में शराब घोटाले को लेकर ईडी ने सोमवार को झारखंड और बंगाल में शराब कारोबारी जोगेंद्र तिवारी और उनके सहयोगियों के यहां छापेमारी की। जोगेंद्र के शराब सिंडिकेट में पक्ष, विपक्ष के नेताओं और आईपीएस अधिकारी के करीबी कारोबारियों की संलिप्तता के साक्ष्य ईडी को मिले हैं। छापेमारी के क्रम में विनय सिंह के आवास से करोड़ों के जेवरात मिले, जबकि वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के आवास से 30 लाख रुपए नगद बरामद किए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार छापेमारी के दौरान सैकड़ों बैंक खाते, हार्ड डिस्क, डिजिटल एवीडेंस और अरबों के निवेश की जानकारी ईडी को मिली है। ईडी की छापेमारी झारखंड के रांची, हजारीबाग, जामताड़ा, हजारीबाग, गोड्डा, देवघर, दुमका और गिरिडीह जिले में हुई। वहीं बंगाल के 24 परगना और कोलकाता के अलीपुर में भी ईडी ने छापेमारी की है। देर रात तक ईडी की कार्रवाई जारी थी। ईडी ने शराब सिंडिकेट बनाकर ठेके हासिल करने से जुड़े केस में कई प्राथमिकियों को मिलाकर ईसीआईआर दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, जोगेंद्र तिवारी के खिलाफ अवैध शराब की तस्करी से जुड़े कई कांड दर्ज हैं। इसके अलावे बालू तस्करी, देवघर में जमीन हथियाने से जुड़े कांडों में भी वह आरोपी रहा है। ईडी ने जोगेंद्र पर दर्ज सारे कांडों को जोड़ते हुए एक ईसीआईआर दर्ज की है।
सुबह 7 बजे मंत्री के आवास पर ईडी ने दस्तक दी
सोमवार की सुबह 7 बजे ईडी की टीम ने झारखंड सरकार के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बरियातू स्थित रागिनी विल्ला आवास में भी छापेमारी शुरू की। रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव की वजह से मंत्री के आवास पर छापेमारी हुई। जहां ईडी की टीम को मंत्री के आवासीय कार्यालय से 30 लाख रुपए नगद मिले। इस मामले में ईडी की टीम पूछताछ कर रही है।
भाजपा के गिरिडीह से विधायक रहे निर्भय शाहबादी के घर में भी छापेमारी
जोगेंद्र तिवारी से भी ईडी पूछताछ कर रही है। ईडी ने भाजपा के गिरिडीह से विधायक रहे निर्भय शाहबादी और उनके बेटे के शाहाबादी हाउस स्थित गिरिडीह के आवास पर भी छापेमारी की। दोनों भी शराब कारोबार में जोगेंद्र तिवारी के पार्टनर रहे हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री विनोदानंद झा के पोते अभिषेक आनंद झा के देवघर स्थित आवास, भाजपा नेता अमर टेकरीवाल के गोड्डा स्थित आवास पर भी ईडी ने छापेमारी की। अभिषेक झा साल 2009 में मधुपुर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं। नेक्सो के मालिक विनय सिंह के यहां से करोड़ों के गहने बरामद किए गए हैं।