About News Box Bharat

News Box Bharat
News Box Bharat brings you the latest Hindi news, breaking news, and Jharkhand news, covering politics, business, sports, entertainment, and important national updates. Our mission is to keep you informed with timely news and reliable information.

Recent Posts

+91 6205-216-893 mailnewsboxbharat@gmail.com
Friday, November 13, 2026
Breaking NewsCrimeJHARKHAND NEWSLatest Hindi News

होटवार जेल में विचाराधीन कैदी से कथित सामूहिक यौन उत्पीड़न, मारपीट और नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप

Share the post

जेल में कैदी को साड़ी पहनाकर किया गया प्रताड़ित! नशीला पदार्थ पिलाने का भी आरोप

रांची: राजधानी रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से एक गंभीर मामला सामने आया है। जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी के साथ कथित तौर पर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार, मारपीट और जबरन नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में पीड़ित के पिता की शिकायत पर खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर में जेल के बंदियों के साथ जेल प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों समेत कुल 19 लोगों को आरोपी बनाया गया है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित युवक एक मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद था। उसे 12 जून 2026 को रांची की अदालत से बरी कर दिया गया था। इसके बाद वह जेल से बाहर आ गया। हालांकि, उसके पिता का आरोप है कि जेल में उसके साथ हुई कथित घटनाओं के कारण वह अब भी मानसिक परेशानी से गुजर रहा है।

3 अलग-अलग मौकों पर यौन उत्पीड़न का आरोप

पीड़ित के पिता ने एफआईआर में आरोप लगाया है कि जेल में रहने के दौरान उनके बेटे के साथ तीन अलग-अलग मौकों पर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया गया। शिकायत के मुताबिक, पहली घटना 12 जून 2026 की रात की है। आरोप है कि कुछ बंदियों ने युवक को जबरन साड़ी पहनाई और मेकअप कर लड़की के रूप में तैयार किया। इसके बाद उसे कोई तरल पदार्थ पिलाया गया, जिससे वह बेहोशी जैसी हालत में पहुंच गया। आरोप है कि उसे घसीटकर वार्ड संख्या 3-ए में ले जाया गया, जहां कई लोगों ने उसके साथ जबरन यौन उत्पीड़न किया।

लड़की के रूप में तैयार कर नशीला पदार्थ दिया गया

वहीं, दूसरी घटना रामनवमी के आसपास की बताई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान भी युवक को जबरन लड़की के रूप में तैयार कर नशीला पदार्थ दिया गया और वार्ड संख्या तीन में ले जाकर उसके साथ दोबारा अप्राकृतिक यौनाचार किया गया। तीसरी घटना सरहुल पर्व के दौरान की बताई गई है। आरोप है कि बंदियों के उसी समूह ने युवक को घसीटकर वार्ड संख्या चार और पांच के आसपास ले जाकर उसके साथ फिर से यौन उत्पीड़न किया। हालांकि, शिकायत में दूसरी और तीसरी घटना की सटीक तारीख का उल्लेख नहीं है।

वार्ड इंचार्ज पर लिखित शिकायत फाड़ने का आरोप

इस मामले में जेल प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। पीड़ित के पिता के अनुसार, उनके बेटे ने जेल के अंदर हो रहे कथित अत्याचार की शिकायत वार्ड इंचार्ज से लिखित रूप में की थी। आरोप है कि वार्ड इंचार्ज ने शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उसके साथ दुर्व्यवहार किया और लिखित आवेदन फाड़ दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जेल प्रशासन को बंदियों के बीच हो रहे कथित यौन उत्पीड़न की जानकारी थी, लेकिन इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

जेल अस्पताल के चिकित्सक पर भी उठे सवाल

एफआईआर में जेल अस्पताल के चिकित्सक की भूमिका पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के मुताबिक, कथित यौन उत्पीड़न के बाद युवक ने अपने निजी अंगों में परेशानी और चोट की शिकायत की थी। इसके बाद वह इलाज के लिए जेल अस्पताल पहुंचा, लेकिन आरोप है कि चिकित्सक ने उसकी परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया और जांच एवं इलाज करने से इनकार कर दिया।पीड़ित के पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि 12 जून को जेल से रिहाई के समय उनके बेटे की कोई चिकित्सकीय जांच नहीं कराई गई।

जेल अधीक्षक समेत 19 लोगों के नाम एफआईआर

इस मामले में जेल के अंदर बंद कई कैदियों के अलावा वार्ड इंचार्ज, एक पुलिसकर्मी, संतोष उरांव, जेल अधीक्षक और जेल अस्पताल के मेडिकल अधिकारी को भी आरोपी बनाया गया है। एफआईआर में पिंटू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबीसर लोहरा, पवन, मंटू, धनेश्वर बधाई, कातिल शिव उरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साव और पोगो समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।

इन धाराओं में दर्ज हुई प्राथमिकी

खेलगांव थाना में प्राथमिकी संख्या 0066/2026 के तहत 12 नवंबर 2026 को शाम 6:05 बजे मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 351, 352 और 61(2) के तहत केस दर्ज किया है।मामले की जांच की जिम्मेदारी पुलिस अवर निरीक्षक मनीष शिवम को सौंपी गई है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जेल के अंदर हुई कथित घटनाओं में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल, एफआईआर में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। जेल प्रशासन और नामजद आरोपियों का पक्ष सामने आना भी बाकी है।

Leave a Response