9 अक्टूबर को JSCA में महामुकाबला, खिलाड़ियों से लेकर दर्शकों तक सुरक्षा का फुलप्रूफ प्लान तैयार

रांची। 9 अक्टूबर 2026 को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जेएससीए स्टेडियम में जिला प्रशासन, रांची पुलिस और जेएससीए प्रबंधन के अधिकारियों की अहम बैठक हुई। इसमें खिलाड़ियों की सुरक्षा से लेकर दर्शकों की भीड़, ट्रैफिक व्यवस्था, टिकट बिक्री, टिकटों की कालाबाजारी और साइबर ठगी जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मैच के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं। अधिकारियों ने साफ किया कि अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
एयरपोर्ट से होटल और स्टेडियम तक सुरक्षा घेरा
रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि खिलाड़ियों के रांची पहुंचने से लेकर उनके होटल और फिर जेएससीए स्टेडियम तक आने-जाने के लिए विशेष रूट तय किए जाएंगे। इन रूटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी रखी जाएगी। खिलाड़ियों की प्रैक्टिस के दौरान भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहेंगे। मैच के दिन खिलाड़ियों के स्टेडियम आने-जाने वाले काफिले के लिए भी सुरक्षा घेरा तैयार किया जाएगा। स्टेडियम के अंदर और बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती रहेगी। बिना वैध टिकट या अधिकृत पास के किसी भी व्यक्ति को स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मैच को देखते हुए पुलिस मुख्यालय की ओर से रांची पुलिस को अतिरिक्त बल भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
टिकट बिक्री के साथ साइबर ठगी पर भी नजर
भारत-वेस्टइंडीज मैच के टिकटों की बिक्री सोमवार से शुरू होने की जानकारी दी गई है। टिकट काउंटरों पर संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। भीड़ को व्यवस्थित रखने और किसी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस की नजर टिकटों की कालाबाजारी करने वालों पर भी रहेगी। इसके साथ ही टिकट के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी को लेकर भी पुलिस और जेएससीए प्रबंधन ने दर्शकों को सतर्क किया है। दर्शकों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर मिलने वाले किसी अनजान पोस्ट, संदिग्ध लिंक या व्यक्ति के जरिए टिकट न खरीदें। टिकट केवल अधिकृत काउंटर या जेएससीए की आधिकारिक व्यवस्था के माध्यम से ही लेने की सलाह दी गई है। जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के दौरान टिकट के नाम पर साइबर ठगी की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में दर्शकों को विशेष रूप से सावधान रहने की जरूरत है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।
मैच के दिन ट्रैफिक व्यवस्था पर भी खास नजर
9 अक्टूबर को मैच के दौरान जेएससीए स्टेडियम के आसपास बड़ी संख्या में दर्शकों और वाहनों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्लान तैयार किया जा रहा है। दर्शकों के आवागमन को सुगम बनाने के साथ खिलाड़ियों के काफिले के लिए निर्धारित रूट को पूरी तरह सुरक्षित और निर्बाध रखने की तैयारी है। स्टेडियम के आसपास अनावश्यक भीड़ और वाहनों के जमावड़े को रोकने के लिए भी पुलिस की विशेष तैनाती की जाएगी।
प्रशासन और जेएससीए के बीच लगातार समन्वय
रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मैच को लेकर जिला प्रशासन, रांची पुलिस और जेएससीए प्रबंधन के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है। सुरक्षा, ट्रैफिक, भीड़ नियंत्रण और दर्शकों की सुविधा से जुड़े सभी पहलुओं पर तैयारी की जा रही है। कुल मिलाकर भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले से पहले रांची में सुरक्षा का बहुस्तरीय इंतजाम किया जा रहा है। खिलाड़ियों के एयरपोर्ट पहुंचने से लेकर होटल, प्रैक्टिस और मैच के दिन स्टेडियम तक उनकी सुरक्षा के साथ-साथ दर्शकों की भीड़, टिकटों की कालाबाजारी, साइबर फ्रॉड और ट्रैफिक व्यवस्था पर पुलिस-प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।





