पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का निधन, 93 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज के दौरान रात 1 बजकर 40 मिनट पर अंतिम सांस ली। वह पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थीं और अस्पताल में भर्ती थीं। उनके निधन की खबर से परिवार सहित जमशेदपुर और पूरे कोल्हान क्षेत्र में शोक की लहर है। सायरा मुंडा के निधन की जानकारी उनके बेटे अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश साझा कर दी। मां को याद करते हुए उन्होंने लिखा, “मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का वो सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।”वहीं, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सायरा मुंडा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अर्जुन मुंडा के समर्थकों, शुभचिंतकों और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उनके प्रति संवेदना प्रकट की है।
सोमवार को होगा अंतिम संस्कार
सायरा मुंडा का अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा दोपहर एक बजे जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित आवास से निकलेगी। इसके बाद पार्थिव शरीर को स्वर्णरेखा बर्निंग घाट ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सायरा मुंडा के निधन से अर्जुन मुंडा और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। समर्थक और शुभचिंतक दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।






