NTPC टंडवा में मौत का हादसा, तीन मजदूरों की गई जान, दो अब भी मलबे में दबे
चतरा। झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित NTPC के एक्सटर्नल CHP में बड़ा हादसा हुआ है। यहां कोल कन्वेयर बेल्ट के जंक्शन नंबर-1 पर टेकअप ट्रॉली गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर अब भी मलबे के नीचे दबे हुए हैं। उन्हें बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है। जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब कोल कन्वेयर बेल्ट के जंक्शन नंबर-1 पर मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक टेकअप ट्रॉली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि इस स्थान पर सिम्प्लेक्स कंपनी की ओर से काम कराया जा रहा था। हादसे में जान गंवाने वाले एक मजदूर की पहचान टंडवा निवासी राजेंद्र सोनी उर्फ राजू के रूप में हुई है। वह वर्ष 2019 से इस कंपनी में काम कर रहे थे। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घटना की पुष्टि करते हुए चतरा के एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि ट्रॉली गिरने से तीन मजदूरों की मौत हुई है, जबकि दो मजदूर अभी भी दबे हुए हैं। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।इस हादसे के बाद NTPC परिसर में अफरा-तफरी का माहौल है। राहत एवं बचाव कार्य पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।






