हेमंत सोरेन से मिले दीपांकर भट्टाचार्य, रूपी सोरेन के निधन पर जताया शोक
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सोमवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में भाकपा (माले) के राष्ट्रीय सचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री की दिवंगत माता रूपी सोरेन के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति जताई। दीपांकर भट्टाचार्य ने रूपी सोरेन के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने कहा कि दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन को संघर्ष के दिनों में रूपी सोरेन का निरंतर साथ और सहयोग मिला। उनके योगदान और जीवन से समाज को प्रेरणा मिलती रहेगी। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और दीपांकर भट्टाचार्य के बीच झारखंड में संचालित विकास योजनाओं, मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई।






