मल्लिक व शुभम को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया
रांची। रांची पुलिस के लिए वांटेड अपराधी रोहित मुंडा उर्फ बीड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। बीड़ी के साथ’साथ कुख्यात मल्लिक और शुभम विश्वकर्मा भी पकड़े गए हैं। तीनों को रांची पुलिस और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। एटीएस ने तीनों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। राजधानी के एदलहातु बेखौफ होकर तीन हत्या और कई गोलीबारी की वारदात को अंजाम देने वाले रोहित मुंड उर्फ बीड़ी, शुभम विश्वकर्मा और अभिषेक मल्लिक को एटीएस ने रांची पुलिस के सहायता से गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार रोहित मुंडा और अभिषेक मल्लिक को बोकारो से गिरफ्तार किया गया है। वहीं शुभम विश्वकर्मा को रांची से गिरफ्तार किया गया है। एटीएस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को हरमू मुक्तिधाम से शुभम विश्वकर्मा को सबसे पहले गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में एटीएस को यह जानकारी मिली कि बीड़ी और मल्लिक बोकारो में पनाह लिए हुए हैं। जिसके बाद आनन फानन में एटीएस और रांची पुलिस की एक टीम रविवार की देर रात बोकारो पहुंच गई, जहां सेक्टर आठ के एक मकान में पनाह लिए बीड़ी और मल्लिक को बोकारो पुलिस की सहायता से धर दबोचा गया।कुख्यात रोहित मुंडा उर्फ बीड़ी झारखंड पुलिस में कार्यरत एक हवलदार का बेटा है। बीड़ी कुख्यात कालू लामा गिरोह का मुख्य शूटर था, लामा की हत्या लव कुश गैंग के द्वारा कर दी गई थी, जिसके बाद बीड़ी ने आतंक मचा रखा था। लामा का बदला लेने के लिए बीड़ी ने अपने साथियों के साथ रांची में सड़कों पर खुलेआम गोलियां चलाकर हत्याएं की। रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के एदलहातु में जमीन कारोबारी धवन राम, बिट्टू खान की हत्या बीड़ी के द्वारा भीड़ के बीच की गई थी।