28 गेंदों में शतक, 52 गेंदों में डबल सेंचुरी… वैभव ने रच दिया इतिहास
दोहरे शतक के साथ क्रिकेट जगत में मचाया तहलका, सबसे तेज शतक और दोहरा शतक बनाने वाले बल्लेबाज बने
स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट की दुनिया में महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। भारत ए की ओर से खेलते हुए वैभव ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स के ग्रुप मुकाबले में यूएई के खिलाफ महज 53 गेंदों में 204 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर इतिहास रच दिया। इस दौरान उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक और सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वैभव ने महज 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसके बाद उनका बल्ला और भी आक्रामक हो गया। उन्होंने अगली 24 गेंदों में अपना दूसरा शतक पूरा करते हुए केवल 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़ दिया।
28 छक्के लगाने का रिकॉर्ड
इससे पहले लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक बनाने का रिकॉर्ड चाड बोव्स के नाम था, जिन्होंने 103 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। इस ऐतिहासिक पारी के दौरान वैभव ने छक्कों की भी बरसात कर दी। उन्होंने अपनी पारी में कुल 28 छक्के लगाए, जो लिस्ट ए क्रिकेट की एक पारी में सर्वाधिक छक्कों का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड डार्सी शॉर्ट के नाम था, जिन्होंने 2018 में 23 छक्के लगाए थे।
सूर्यवंशी एक साथ चार बड़े रिकॉर्ड बनाये
वैभव सूर्यवंशी अब लिस्ट ए क्रिकेट में एक साथ चार बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने 11 गेंदों में सबसे तेज अर्धशतक, 28 गेंदों में सबसे तेज शतक, 40 गेंदों में सबसे तेज 150 रन और 52 गेंदों में सबसे तेज दोहरा शतक बनाने का कारनामा किया है। मुकाबले में यूएई ने भारत ए के सामने 250 रनों का लक्ष्य रखा था। वैभव ने अकेले 204 रन बनाकर लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया। भारत ए ने महज 14.2 ओवर में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
सबसे चर्चित युवा सितारा
वैभव की इस तूफानी बल्लेबाजी से भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा भी बेहद प्रभावित नजर आए। उन्होंने कहा कि वैभव की बल्लेबाजी को बयां करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। पहले पांच ओवर में ही मुकाबले का रुख तय हो गया था। टीम के सभी खिलाड़ी उनकी बल्लेबाजी का आनंद ले रहे थे और हर कोई उनसे यही कह रहा था कि और छक्के मारो। महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने जिस तरह विश्व क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई है, उसने उन्हें भारतीय क्रिकेट का सबसे चर्चित युवा सितारा बना दिया है। उनकी यह पारी लंबे समय तक क्रिकेट इतिहास में याद रखी जाएगी।






