रांची। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने गुरुवार को मणिपुर में “भयानक परिदृश्य” की निंदा की और इसे देश के इतिहास में “काला अध्याय” कहा। सीएम पूर्वोत्तर राज्य में उस घटना पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें दो महिलाओं को नग्न कर घुमाया गया और सार्वजनिक रूप से छेड़छाड़ की गई। झामुमो ने घटना के मद्देनजर मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे की मांग की है। सोरेन ने कहा कि एक तरफ देश को विश्व गुरु बनाने की बात हो रही है, वहीं, दूसरी तरफ मणिपुर में भयावह स्थिति देखने को मिल रही है। पिछले 80 दिनों से उस राज्य में अराजकता का माहौल है।
इस घटना की देशभर में व्यापक निंदा हुई
उन्होंने कहा कि मैं इस घटना की कड़ी निंदा करता हूं। यह देश के इतिहास में एक काला अध्याय है।मणिपुर के कांगपोकपी में 3 मई को हुई जातीय झड़प के एक दिन बाद 4 मई की भयावह घटना का वीडियो बुधवार को सामने आया। कथित मुख्य आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना की देशभर में व्यापक निंदा हुई है। मणिपुर की स्थिति पर चुप्पी बनाए रखने के लिए केंद्र पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि गुरुवार को लोकसभा सत्र शुरू होने के बाद यह चुप्पी टूट गई है।
झारखंड में झामुमो प्रदर्शन करेगी
हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का जिक्र करते हुए कहा कि विभिन्न देशों में आपका स्वागत किया जाता है, लेकिन घरेलू राज्यों में गृह युद्ध जैसी स्थिति है। राज्य एक-दूसरे के खिलाफ लड़ रहे हैं, देश टूट रहा है। जेएमएम के प्रवक्ता विनोद कुमार पांडे ने कहा कि मणिपुर के मुख्यमंत्री (एन बीरेन सिंह) को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।’ उन्होंने कहा कि पार्टी झारखंड में प्रदर्शन करेगी और केंद्र और मणिपुर सरकार के पुतले जलायेगी। हम बीजेपी की मानसिकता और चरित्र को बेनकाब करेंगे।
कांग्रेस ने राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की
झारखंड में झामुमो की सहयोगी कांग्रेस ने जातीय संघर्षग्रस्त पूर्वोत्तर राज्य में “बिना देरी” राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की। झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मणिपुर की घटना पूरे देश के लिए शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि नफरत अपने चरम पर है।ॉ राज्य कांग्रेस की महिला शाखा ने भी मणिपुर के मुख्यमंत्री के इस्तीफे और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस महिला विंग की अध्यक्ष गुंजन सिन्हा ने कहा कि इस भयावह घटना ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है। एन बीरेन सिंह को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
मणिपुर की घटना से पूरा देश गुस्से में
झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट कर कहा कि मणिपुर की घटना से पूरा देश गुस्से में है। मरांडी ने कहा, जिन्होंने अपराध किया है, चाहे वे कहीं भी हों, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने देश के 140 करोड़ लोगों को शर्मसार किया है।