रांची के 1.86 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंची सितंबर की पेंशन, DBT से हुआ भुगतान

रांची। सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के पेंशनधारियों को सितंबर महीने की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर प्रथम चरण में जिले के 1,86,669 लाभुकों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से पेंशन की राशि भेजी गई है। प्रशासन के अनुसार, विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत प्रत्येक लाभुक के खाते में 1,000 रुपये की दर से कुल 18 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये का भुगतान किया गया है।
इन योजनाओं के लाभुकों को मिली पेंशन
सितंबर महीने में सर्वजन पेंशन योजना के तहत पेंशन पाने वाले लाभुकों की संख्या इस प्रकार है—
- मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना: 1,85,894 लाभुक
- मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना: 318 लाभुक
- मुख्यमंत्री राज्य HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना: 454 लाभुक
- मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना (ट्रांसजेंडर): 3 लाभुक
पेंशन के लिए आधार सीडिंग जरूरी
जिला प्रशासन ने बताया कि जिन लाभुकों के बैंक खाते में सितंबर महीने की पेंशन राशि नहीं पहुंची है, उन्हें अपने बैंक खाते से आधार सीडिंग कराना अनिवार्य है। आधार सीडिंग नहीं होने की स्थिति में DBT के माध्यम से पेंशन राशि के भुगतान में परेशानी हो सकती है। प्रशासन ने पेंशनधारियों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग की स्थिति सुनिश्चित कर लें, ताकि उन्हें सर्वजन पेंशन योजना का लाभ लगातार मिलता रहे।





