Jharkhand Weather Update: झारखंड में बदलेगा मौसम, 10-11 नवंबर को कई जिलों में बारिश के आसार, 13 नवंबर से बढ़ेगी ठंड
रांची। झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। सुबह और शाम हल्की ठंड के बीच अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 10 और 11 नवंबर को राज्य के अलग-अलग जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, फिलहाल किसी तरह का गंभीर मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा। अगले दो दिनों तक बादलों और नमी के कारण रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, 12 नवंबर से मौसम साफ होने और 13-14 नवंबर से ठंड बढ़ने का अनुमान है।
10 नवंबर को इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम केंद्र रांची के अनुसार, मंगलवार यानी 10 नवंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा या कुहासा छाया रह सकता है। दिन चढ़ने के साथ आसमान में आंशिक रूप से बादल दिखाई देंगे। इस दौरान उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद समेत मध्य झारखंड के जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। वहीं, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी गरज वाले बादल छाने और हल्की वर्षा के आसार हैं।
11 नवंबर को भी जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम में बदलाव का सिलसिला 11 नवंबर को भी जारी रहने का अनुमान है। बुधवार को सुबह के समय कई इलाकों में धुंध और कोहरा छाया रह सकता है। दोपहर बाद आसमान में आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना है। इस दिन मुख्य रूप से राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने का अनुमान है।
रांची में 17-18 डिग्री तक पहुंच सकता है न्यूनतम तापमान
तापमान की बात करें तो अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। रांची और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। वहीं, अगले दो दिनों में बादलों और नमी के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। रांची में रात का तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इससे रात के समय ठंड का असर कुछ कम महसूस हो सकता है।
13-14 नवंबर से बढ़ेगी ठंड और कनकनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 नवंबर से बारिश की गतिविधियां थमने लगेंगी। इसके बाद सुबह कोहरा रहने के बावजूद दिन में आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क होने की संभावना है। बादल छंटने के बाद अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके साथ ही 13 और 14 नवंबर से झारखंड में ठंड का असर तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। सुबह और रात के समय कनकनी बढ़ सकती है। कुल मिलाकर, अगले दो दिन बादलों और हल्की बारिश के नाम रहेंगे, जबकि इसके बाद मौसम साफ होने के साथ झारखंड में सर्दी का असर बढ़ने लगेगा।






