9 अक्टूबर को रांची में क्रिकेट का रोमांच, मैच से पहले सुरक्षा तैयारियों की हाईलेवल समीक्षा

रांची। राजधानी रांची के JSCA International Cricket Stadium में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले दूसरे T20 मुकाबले को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। मैच को लेकर सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने स्टेडियम और आसपास के इलाकों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ दर्शकों के प्रवेश और निकास, पार्किंग तथा यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। मैच के दौरान खिलाड़ियों और दोनों टीमों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष चर्चा की गई।
संवेदनशील स्थानों पर रहेगी विशेष नजर
अधिकारियों ने स्टेडियम परिसर और आसपास के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अलावा किसी भी आपातकालीन या आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एडीजी मनोज कौशिक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी करने को कहा।
दर्शकों की सुरक्षा और सुविधा प्राथमिकता
रांची पुलिस के मुताबिक मैच के दौरान आम नागरिकों, दर्शकों, खिलाड़ियों और अन्य संबंधित लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों से प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है। निरीक्षण के दौरान रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह के अलावा JSCA के अध्यक्ष अजयनाथ शहदेव, सचिव सौरभ तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।





