भारत टेक्स 2026 में छाया झारखंड का बांस शिल्प, स्टील बोतल और मग बने आकर्षण का केंद्र

नई दिल्ली के भारत मंडपम में 14 से 17 जुलाई तक आयोजित भारत टेक्स 2026 के तीसरे दिन भी झारखंड पवेलियन में आगंतुकों की भारी भीड़ देखने को मिली। देश-विदेश से आए खरीदारों, उद्योग प्रतिनिधियों और व्यापारिक आगंतुकों ने झारखंड के हस्तशिल्प और बांस आधारित उत्पादों में खास दिलचस्पी दिखाई।
इस दौरान बांस से निर्मित स्टील बोतल और मग सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बने। पारंपरिक बांस शिल्प को आधुनिक तकनीक के साथ तैयार किए गए इन उत्पादों को पर्यावरण के अनुकूल, टिकाऊ और उपयोगी होने के कारण काफी सराहना मिल रही है।
बहरागोड़ा के अनजनेया बांस क्लस्टर ने बनाया अनूठा उत्पाद
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित अनजनेया बांस क्लस्टर द्वारा तैयार की गई बांस और स्टेनलेस स्टील की बोतल अपनी गुणवत्ता और आकर्षक डिजाइन के लिए लोगों का ध्यान खींच रही है। यह बोतल गर्म और ठंडे पेय का तापमान 12 से 14 घंटे तक बनाए रखने में सक्षम है।
वहीं, बांस, स्टेनलेस स्टील और फूड-ग्रेड प्लास्टिक से तैयार मग 3 से 4 घंटे तक पेय पदार्थ का तापमान सुरक्षित रखता है। इन उत्पादों को पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली की दिशा में एक बेहतर विकल्प माना जा रहा है।
‘लोकल टू ग्लोबल’ की सोच को मिल रही नई उड़ान
भारत टेक्स 2026 जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड अपने ‘लोकल टू ग्लोबल’ विजन को मजबूती से आगे बढ़ा रहा है। राज्य के तसर सिल्क, जीआई टैग उत्पाद, हस्तकरघा, हस्तशिल्प और बांस आधारित नवाचार वैश्विक बाजार में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
अनजनेया बांस क्लस्टर आधुनिक डिजाइन और अत्याधुनिक तकनीकों जैसे लेजर कटिंग, लेजर एनग्रेविंग, सीएनसी राउटिंग और कस्टमाइज्ड डिजाइन के जरिए अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता के उत्पाद तैयार कर रहा है। इससे स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को नए बाजार और निर्यात के अवसर मिल रहे हैं।
130 देशों के खरीदारों के बीच झारखंड को मिला बड़ा मंच
भारत टेक्स 2026 में 130 से अधिक देशों के 6,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 1.3 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुक शामिल हो रहे हैं। ऐसे वैश्विक आयोजन झारखंड के एमएसएमई, कारीगरों और उद्यमियों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने का बड़ा अवसर साबित हो रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से झारखंड के हस्तशिल्प और बांस आधारित उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलने के साथ-साथ राज्य में निर्यात, निवेश और रोजगार की नई संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
👇 यह भी पढ़ें:
🟡👉 मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रेलवे अधिकारियों की मुलाकात, मुरी और पिस्का रेलवे स्टेशन के उद्घाटन का दिया निमंत्रण
🟡👉 मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पथ निर्माण विभाग को लगाई फटकार, दो महीने में प्रमुख सड़क परियोजनाएं पूरी करने का अल्टीमेटम
🟡👉 रांची में AIIMS, RIMS-2 और हर जिले में मेडिकल कॉलेज की तैयारी, मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा ऐलान
🟡👉 रांची में पहली बार सजेगा फुटबॉल का महाकुंभ, डूरंड कप 2026 की तैयारियां तेज





