About me

News Box Bharat
Welcome to News Box Bharat, your one-stop destination for comprehensive news coverage and insightful analysis. With a commitment to delivering reliable information and promoting responsible journalism, we strive to keep you informed about the latest happenings from across the nation and the world. In this rapidly evolving era, staying updated and making sense of the news is crucial, and we are here to simplify the process for you.

Recent Posts

+91 6205-216-893 info@newsboxbharat.com
Sunday, July 12, 2026
JHARKHAND NEWS

रांची में AIIMS, RIMS-2 और हर जिले में मेडिकल कॉलेज की तैयारी, मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा ऐलान

विश्व जनसंख्या दिवस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी
AIIMS, RIMS-2, हर जिले में मेडिकल कॉलेज, 400 छोटे एम्बुलेंस, C-Section सेंटर और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर कई बड़े ऐलान
Share the post

डेस्क। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को रांची के होटल बीएनआर चाणक्या में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि झारखंड के मरीजों का पूरा भार फिलहाल केवल रिम्स पर है, इसलिए रांची में एम्स (AIIMS) की स्थापना और RIMS-2 के निर्माण को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा की गई है। साथ ही राज्य के हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

रांची में एम्स और RIMS-2 पर तेज होगी पहल

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंड के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रांची में एम्स खोलने का प्रस्ताव रखा गया है, जबकि RIMS-2 परियोजना भी जल्द धरातल पर उतरेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नर्सिंग कॉलेज खोलने हेतु निवेशकों को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि राज्य में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या बढ़ाई जा सके।

साहिया बहनों के लिए 400 छोटे एम्बुलेंस की मांग

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि साहिया बहनों की समस्याओं से भी केंद्र सरकार को अवगत कराया गया है। उन्होंने साहिया कार्यकर्ताओं के लिए 400 छोटे एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

सदर अस्पतालों में C-Section सेंटर और विशेषज्ञ डॉक्टर

डॉ. अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार सभी सदर अस्पतालों में सी-सेक्शन (सिजेरियन प्रसव) सेंटर स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है। प्रत्येक सदर अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती होगी और उनके लिए अलग वार्ड भी विकसित किए जाएंगे, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।

बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार परिवार नियोजन और जनसंख्या नियंत्रण को लेकर कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉक्टरों, एएनएम, साहिया बहनों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया गया है ताकि उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहन मिल सके।

निवेश से स्वास्थ्य क्षेत्र को मिलेगा नया विस्तार

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित इन्वेस्टर कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का विकास विजन स्पष्ट दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि मेडिकल और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी निवेश की अच्छी संभावनाएं सामने आई हैं, जिससे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।

बढ़ती जनसंख्या चुनौती नहीं, अवसर है

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अजय कुमार सिंह ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या को केवल चुनौती नहीं बल्कि मानव संसाधन के रूप में अवसर की तरह देखा जाना चाहिए। यदि युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल विकास और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें तो वे राज्य और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष फोकस कर रहा है। साथ ही इन्फेंट मॉर्टेलिटी रेट (IMR), कुपोषण और परिवार नियोजन के क्षेत्र में अभी और बेहतर काम करने की जरूरत है।

हर जिले में 100 बेड का विशेष केंद्र

अजय कुमार सिंह ने बताया कि सरकार का लक्ष्य आने वाले समय में प्रत्येक जिले में 100 बेड वाला विशेष C-Section सेंटर विकसित करना है। भविष्य में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और सब सेंटर स्तर तक सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए मंईयां सम्मान योजना जैसी योजनाएं भी चला रही है।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार से मौतों में आई कमी

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे अधिक आबादी वाला देश बन चुका है। बढ़ती आबादी के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के कारण कई बीमारियों से होने वाली मौतों में कमी आई है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण केवल संख्या कम करने का विषय नहीं बल्कि लोगों के जीवन स्तर, आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति और बौद्धिक विकास से भी जुड़ा हुआ है।

डॉक्टरों ने भी रखे सुझाव

रांची के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी के कारण संसाधनों, बुनियादी ढांचे, पर्यावरण और भूजल पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कम उम्र में विवाह रोकने और परिवार नियोजन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. पुष्पा ने भी जनसंख्या वृद्धि से उत्पन्न चुनौतियों और परिवार नियोजन कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा झारखंड सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

उत्कृष्ट स्वास्थ्यकर्मियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अंतरा पोस्टर, इम्प्लांट पोस्टर और पीपीएफ पोस्टर का अनावरण किया। साथ ही जनसंख्या नियंत्रण एवं स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, साहिया बहनों, एएनएम, अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नोडल पदाधिकारी गुणवत्ता कोषांग डॉ. रंजीत, परिवार नियोजन कोषांग की नोडल पदाधिकारी डॉ. पुष्पा, खूंटी के सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक, डॉ. रवि रंजन, डॉ. एन.डी. मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Response