चक्रवाती तूफान मिचौंग का असर : बिन मौसम बरसात ने लोगों की बढ़ाई परेशानी | ठंड में ठिठुरते हुए स्कूल जाने को मजबूर मासूम


रांची। चक्रवाती तूफान मिचौंग ने झारखंड के लोगों को परेशानी बढ़ा दी है। लगातार हो रही 2 दिनों से बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राजधानी रांची में सबसे ज्यादा परेशानी बारिश में स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही। कड़ाके की ठंड व बारिश के बाद भी किसी भी स्कूलों का टाइम टेबल नहीं बदला। जिस कारण बच्चे ठंड में ठिठुरते हुए स्कूल जाने को मजबूर हैं। बुधवार से रांची समेत आसपास के कई इलाकों में सुबह से रात तक रुकरुक कर बारिश हो रही है। बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने 7 दिसंबर को मुख्य रूप से पूरे राज्य में बारिश होने की संभावना जताई है। इस अवधि में राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान भी सामान्य से कम रहेगा। मौसम केंद्र के मुताबिक, चक्रवात मिचौंग के चलते मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है।
अभी ऐसा रहेगा मौसम
- 7 दिसंबर- पूरे प्रदेश में बादल के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना, न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना।
- 8 दिसंबर- आसमान में बादल छाये रहेंगे
- 9 दिसंबर- आसमान साफ रहेगा और पारा गिरने से ठंड बढ़ेगी
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने कहा कि 7 दिसंबर को राज्य के कई इलाकों, खासकर दक्षिणी और मध्य भाग में गरज और बिजली गिरने की संभावना है। अभिषेक आनंद ने कहा कि किसान भाई अपनी खरीफ फसलों को सुरक्षित रखें और सब्जियों को खेत से तोड़कर सुरक्षित स्थान पर रख लें।