हेमंत सोरेन ने अपने पास रखा शिक्षा विभाग | बेबी देवी को मिला उत्पाद व मद्य निषेध विभाग
![Jharkhand districts news | jharkhand latest news | jharkhand latest hindi news | jharkhand news box bharat](https://newsboxbharat.com/wp-content/uploads/2023/07/20-750x450.jpg)
![Baby Devi got Excise and Prohibition Departmen](https://newsboxbharat.com/wp-content/uploads/2023/07/99-1024x683.jpg)
झारखंड लेटेस्ट न्यूज
रांची। दिवंगत जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी को उत्पाद व मद्य निषेध विभाग का मंत्री बनाया गया है। वहीं, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पू्र्व में आवंटित विभागों के अलावा स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग भी अपने पास रख लिया। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी। दिवंगत जगरनाथ महतो स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग व उत्पाद व मद्य निषेध विभाग के मंत्री थे। इनके देहात के बाद उनकी पत्नी को सिर्फ उत्पाद व मद्य निषेध विभाग का मंत्री बनाया गया। बता दें कि सोमवार को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने राजभवन स्थित दरबार हॉल में आयोजित समारोह में स्वर्गीय जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी को झारखंड मंत्रिमंडल के सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। हेमंत सोरेन सरकार में सोमवार को बेबी देवी कैबिनेट की 11वीं मंत्री के रूप में शपथ लीं। इस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा कई मंत्री व गणमान्य लोग शामिल हुए। 2019 के बाद दूसरी बार बिना सदन की सदस्यता के ही बेबी देवी को मंत्री बनाया गया। उनसे पहले हफीजूल हसन को मंत्री बनाया गया था। जगरनाथ महतो के निधन के बाद से ही यह कयास लगाया जा रहा था कि उनकी पत्नी या फिर उनके बेटे को उत्तराधिकारी बनाया जाएगा। बेबी देवी कुर्मी जाति से पहली महिला हैं, जो मंत्री बनीं। मंत्री बनने से पहले उन्होंने कहा है कि वो अपने पति के अधूरे सपनों को पूरा करेंगी। क्षेत्र के लोगों का विकास करेंगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शिबू सोरेन के मार्गदर्शन में क्षेत्र की जनता की भलाई के लिए काम करेंगी। बता दें कि 6 अप्रैल को मंत्री जगरनाथ महतो का चेन्नई के अस्पताल में निधन हुआ था। वो काफी दिनों से बीमार थे। कोरोना के बाद उनके लंग्स का ट्रांसप्लांट भी हुआ था। उनके निधन के तीन महीने बाद बेबी देवी को मंत्री बनाने की घोषणा हुई।
News Box bharat latest news