+91 6205-216-893 mailnewsboxbharat@gmail.com
Friday, November 27, 2026
national news | national latest news | national latest hindi news | national news box bharat
Latest Hindi NewsNewsSocial

रांची में सूर्य किरण एरोबेटिक्स टीम का शानदार एयर शो | हजारों दर्शकों ने देखा अद्भुत करतब

Share the post

रांची। रांची के नामकुम स्थित आर्मी ग्राउंड में भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबेटिक्स टीम ने शनिवार को शानदार एयर शो का प्रदर्शन किया। वायुसेना के पायलटों ने अपने अद्भुत हवाई करतबों से दर्शकों का दिल जीत लिया। करीब एक घंटे तक चले इस शो के दौरान जब विमानों ने जमीन के बेहद करीब से कलाबाजियां दिखाईं, तो मौजूद हजारों लोगों ने “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।

आसमान में तिरंगे और दिल की आकृति ने बढ़ाया गर्व

सूर्य किरण टीम के पायलटों ने लड़ाकू विमानों को अत्यंत निकटता से उड़ाते हुए आकाश में तिरंगा और दिल की आकृति बनाकर देशभक्ति का जोश भर दिया। यह टीम 1996 में गठित 52वीं स्क्वाड्रन का हिस्सा है और अब तक देश-विदेश में 700 से अधिक एयर शो कर चुकी है। पहले HAL-HJT-16 किरण MK-2 विमानों का उपयोग करने वाली इस टीम ने अब BAE हॉक MK 132 विमानों से अपनी प्रदर्शन क्षमता को और निखारा है।

दो दिवसीय आयोजन, रविवार को फिर होगा शो

यह एयर शो दो दिनों तक चलेगा, जिसका पहला दिन शनिवार को संपन्न हुआ। रविवार को भी आर्मी ग्राउंड में यह प्रदर्शन दोहराया जाएगा। थाईलैंड में हाल ही में एयर शो करने के बाद सूर्य किरण टीम ने रांची में अपना कौशल दिखाया। शो के दौरान पायलटों ने कॉकपिट से दर्शकों को संबोधित किया, जिससे उत्साह का माहौल और बढ़ गया। लोग “वंदे मातरम” और “भारत माता की जय” के नारों से पायलटों का हौसला बढ़ाते नजर आए।

रक्षा मंत्री और राज्यपाल ने जताया उत्साह

एयर शो के बाद रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा, बारिश और तेज हवाओं के बावजूद यह प्रदर्शन भारतीय वायुसेना के अद्वितीय कौशल को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को यह टीम पटना में भी एयर शो करेगी। वहीं, झारखंड की राज्यपाल संतोष गंगवार ने सोशल मीडिया पर इस आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों और वायुसेना को बधाई दी।

बिरसा मुंडा की धरती पर गर्व का क्षण

रक्षा मंत्री संजय सेठ ने कहा, एयर चीफ मार्शल का बिरसा मुंडा की धरती पर आना गर्व की बात है। उन्होंने झारखंड के लोगों को “जोहार” संबोधन से नमन किया और एयर शो की सफलता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हाल ही में हुई बारिश से तीन विमानों को हुए नुकसान के बाद भी टीम के शानदार प्रदर्शन को विशेष रूप से सराहा गया।

सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम

एयर शो के दौरान रांची पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था संधारण हेतु पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। आवागमन को सुचारु रूप से बनाए रखने के लिए भारी वाहनों का परिचालन सुबह 6 बजे वर्जित कर वैकल्पिक मार्ग का निर्धारण किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पुलिस उप-महानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के नेतृत्व व निर्देशन में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था।

Leave a Response