रांची। केंद्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) में 200 रुपए तक की कटौती की है। नई कीमत 30 अगस्त यानी आज से लागू होगी। रांची में आज से एक सिलेंडर 960.50 रुपए में मिलेंगे। पहले यही सिलेंडर का दाम 1160.50 रुपए था। यानि प्रति सिलेंडर में 200 रुपए का बचत होगा। ऐसा होने से देश के 33 करोड़ कंज्यूमर्स को इसका फायदा मिलेगा। इस फैसले से सरकार पर वित्त वर्ष 2023-24 में 7,680 करोड़ का बोझ आएगा। इस साल 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले सरकार का यह कदम काफी मायने रखता है। राजस्थान में कांग्रेस ने इसी साल 1 अप्रैल से BPL परिवारों को 500 रुपए में गैस देने की योजना लागू कर दी है। मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस ने 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा किया है। दोनों राज्यों में नवंबर-दिसंबर में चुनाव हैं।
मार्च में हुआ था कीमतों में बदलाव
14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दाम मार्च 2023 में 50 रुपए बढ़ाए गए थे। इसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 1103 रुपए हो गई थी। इससे पहले 6 जुलाई 2022 को दामों में बदलाव किया गया था। तब भी कीमतें 50 रुपए बढ़ाई गई थी।
रांची में ओवैसी बोले- 300 रुपए होने चाहिए सिलेंडर का दाम
डुमरी में होने वाले उप चुनाव को लेकर एआईएमआईएम के चीफ व सांसद असुद्दीन ओवैसी रांची में हैं। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गैस के दाम आैर कम होने चाहिए। मोदी की सरकार को कम से कम सिलेंडर का दाम 300 रुपए कर देना चाहिए। ताकि इससे गरीबों को फायदा मिल सके। अभी जो सिलेंडर का दाम है उससे गरीबों को कोई फायदा मिलने वाला नहीं है।