बोकारो में बड़ा हादसा: कोयले का ढेर धंसने से तीन महिलाओं की मौत, चार घायल
बोकारो. झारखंड के बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। कथारा कोलियरी के नंबर-5 स्टॉकयार्ड में कोयले का बड़ा ढेर अचानक धंस गया, जिसकी चपेट में आने से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। मृतकों में छह महिलाएं और एक पुरुष सहित कुल सात लोग हादसे की चपेट में आए थे।घटना गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे कथारा ओपी क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, स्टॉकयार्ड में रिजेक्ट किया हुआ कोयला जमा था। स्थानीय ग्रामीण जलावन के लिए इसी कोयले को निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक कोयले का ढेर भरभराकर नीचे गिर पड़ा। इसकी चपेट में छह महिलाएं और एक पुरुष आ गए।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को कोयले के मलबे से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां तीन महिलाओं की मौत होने की सूचना है।मृतकों में कौशल्या देवी और पुष्पा देवी की पहचान हुई है, जबकि तीसरी महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि तीनों महिलाएं बांध बस्ती की रहने वाली थीं।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बेरमो एसडीपीओ रवींद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी। यह पता लगाया जाएगा कि किन परिस्थितियों में कोयले का ढेर धंसा और हादसा कैसे हुआ।स्थानीय पुलिस और सीसीएल प्रबंधन मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुटे हैं। फिलहाल घायलों की स्थिति और हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।






