
झारखंड: मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर CEO के निर्देश, 27 जून को होगी इंफ्लूएंसर मीट
रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के. रवि कुमार ने कहा है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़ी सही जानकारी लोगों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। इस संबंध में उन्होंने सभी जिला जनसंपर्क पदाधिकारियों और उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन करते हुए ही प्रेस विज्ञप्तियां और सोशल मीडिया पोस्ट जारी की जाएं। साथ ही नियमित प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से SIR से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जनता तक पहुंचाई जाएं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अफवाहों और फर्जी खबरों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय और राष्ट्रीय टीवी चैनलों की निगरानी की जाए तथा सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक और फेक खबरों की समय पर पहचान कर तथ्यों के साथ उनका खंडन किया जाए। के. रवि कुमार ने बताया कि 27 जून को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स के लिए एक विशेष “इंफ्लूएंसर मीट” आयोजित की जाएगी। उन्होंने राज्य के सभी डिजिटल क्रिएटर्स और इंफ्लूएंसर्स से इसमें भाग लेने की अपील की, ताकि वे SIR से जुड़ी जानकारी साझा करते समय भारत निर्वाचन आयोग के सही तथ्यों का उपयोग कर सकें। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एवं स्टेट मीडिया नोडल अधिकारी सुबोध कुमार ने SIR से संबंधित SOP के विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी। इस दौरान स्टेट ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, संजय कुमार समेत सभी जिलों के संबंधित अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।





