About me

News Box Bharat
Welcome to News Box Bharat, your one-stop destination for comprehensive news coverage and insightful analysis. With a commitment to delivering reliable information and promoting responsible journalism, we strive to keep you informed about the latest happenings from across the nation and the world. In this rapidly evolving era, staying updated and making sense of the news is crucial, and we are here to simplify the process for you.

Recent Posts

+91 6205-216-893 info@newsboxbharat.com
Thursday, July 9, 2026
JHARKHAND NEWSLatest Hindi News

सिंगापुर से लेकर हीरो साइकिल्स तक, झारखंड में निवेश को लेकर बढ़ी वैश्विक दिलचस्पी

पर्यटन, हरित ऊर्जा, कौशल विकास, स्वास्थ्य और औद्योगिक निवेश को लेकर सहयोग पर चर्चा हुई
मुख्यमंत्री ने नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन-2026 के दौरान सिंगापुर के उच्चायुक्त, FICCI, CII, EaseMyTrip, MakeMyTrip, Hero Cycles और Avon Cycles सहित कई प्रमुख संस्थाओं और कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की
Share the post

नई दिल्ली/रांची। झारखंड सरकार द्वारा आयोजित दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन-2026 के दूसरे दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (B2G) संवाद के दौरान देश-विदेश के प्रमुख उद्योग संगठनों, वैश्विक निवेशकों और कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें कीं। इन बैठकों में पर्यटन, विनिर्माण, हरित ऊर्जा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और औद्योगिक निवेश जैसे क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

सिंगापुर के साथ निवेश और स्किल डेवलपमेंट पर चर्चा

भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग वी कुएन के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के साथ दीर्घकालिक सहयोग में रुचि दिखाई। बैठक में विश्वस्तरीय स्किल सेंटर, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, चिकित्सा शिक्षा, अस्पताल अवसंरचना, अनुसंधान और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास पर चर्चा हुई। साथ ही राज्य के उद्योगों और कार्यबल का व्यापक स्किल मैपिंग कर निवेश और क्षमता निर्माण के लिए रोडमैप तैयार करने का प्रस्ताव भी रखा गया। मुख्यमंत्री ने इन सुझावों का स्वागत करते हुए भविष्य में ठोस कार्ययोजना बनाने का भरोसा दिया।

हरित ऊर्जा में निवेश के प्रस्ताव

भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड में सौर एवं पवन ऊर्जा, स्मार्ट मीटरिंग, ट्रांसमिशन नेटवर्क, ग्रिड आधुनिकीकरण, सोलर सेल एवं मॉड्यूल निर्माण और डिजिटल ऊर्जा प्रबंधन के क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं प्रस्तुत कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हरित ऊर्जा आधारित औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए उद्योगों के साथ मिलकर काम करेगी।

पर्यटन को मिलेगा नया विस्तार

फिक्की (FICCI) ने झारखंड को प्रकृति पर्यटन, डेस्टिनेशन वेडिंग, स्पोर्ट्स टूरिज्म और एमआईसीई (MICE) पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए पर्यटन अवसंरचना, प्रशिक्षित स्थानीय गाइड, आतिथ्य सेवाओं और बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन राज्य में रोजगार और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

ईजमाईट्रिप और मेकमाईट्रिप ने दिखाई रुचि

ईजमाईट्रिप (EaseMyTrip) ने झारखंड सरकार के साथ पर्यटन संवर्धन के लिए एमओयू करने की घोषणा की। कंपनी राज्य के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने के लिए प्रमुख ट्रैवल इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को झारखंड लाने की योजना पर काम करेगी। वहीं, मेकमाईट्रिप (MakeMyTrip) ने भी अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म और मार्केटिंग नेटवर्क के माध्यम से झारखंड के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार में राज्य सरकार के साथ साझेदारी करने की इच्छा जताई।

साइकिल और ई-साइकिल निर्माण पर फोकस

मुख्यमंत्री ने हीरो साइकिल्स और एवन साइकिल्स के प्रतिनिधियों से झारखंड में साइकिल और ई-साइकिल विनिर्माण इकाइयों की स्थापना पर चर्चा की। बैठक में ₹500 करोड़ से ₹1,000 करोड़ तक के संभावित निवेश और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विचार किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल नीतियों, पर्याप्त औद्योगिक भूमि, मजबूत लॉजिस्टिक्स और कुशल मानव संसाधन के माध्यम से निवेशकों को हरसंभव सहयोग देगी।

रांची में अंतरराष्ट्रीय गोल्फ पर्यटन केंद्र का प्रस्ताव

फिक्की टूरिज्म फेडरेशन ने रांची में अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स और गोल्फ पर्यटन केंद्र विकसित करने का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि इससे स्पोर्ट्स टूरिज्म, आतिथ्य, रियल एस्टेट और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने जताया भरोसा

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार उद्योग-अनुकूल नीतियों और निवेशकों के साथ निरंतर संवाद के माध्यम से राज्य में बेहतर निवेश माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन बैठकों से मिली संभावित साझेदारियां झारखंड को निवेश, उद्योग, पर्यटन, हरित ऊर्जा और सतत आर्थिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Leave a Response