मसाज के बहाने बुलाया, कमरे में बंद कर बनाया वीडियो; फिर मांगी 5 लाख की रंगदारी, रांची में 3 गिरफ्तार

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में मसाज सर्विस के नाम पर युवक को बुलाकर कमरे में बंद करने, मारपीट करने, नकदी और सोने की चेन छीनने के आरोप का मामला सामने आया है। पीड़ित मो. नसीम की शिकायत पर नामकुम थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में सानिया प्रवीण, उसके पति मो. हैदर और मो. वसीम उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता मो. नसीम ने बताया कि 24 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे उसके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया। महिला ने कथित तौर पर अपना नाम सानिया परवीन बताया और कहा कि उसने मौलाना आजाद कॉलोनी में स्पा सेंटर शुरू किया है। उसने नसीम को मसाज कराने के लिए वहां आने को कहा। शिकायत के मुताबिक, शाम करीब 6:30 बजे नसीम महिला के बताए पते पर मौलाना आजाद कॉलोनी की गली नंबर-11 पहुंचा।
घर पहुंचते ही शुरू हुई मारपीट
नसीम का आरोप है कि वहां पहुंचने पर घर के अंदर सानिया परवीन उर्फ बेबी के अलावा एक अन्य महिला और दो युवक मौजूद थे। बातचीत के दौरान अचानक सभी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज की गई और धमकाया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी दौरान आरोपियों ने उसके पास मौजूद 46 हजार रुपये नकद और गले में पहनी सोने की चेन कथित तौर पर छीन ली।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे पैसे
नसीम ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसकी कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। शिकायत के मुताबिक, उसे छोड़ने के बदले 8 हजार रुपये की मांग की गई। नसीम का आरोप है कि दबाव में उसने बताए गए पेटीएम/यूपीआई नंबर पर रकम भेजी। इसके बाद भी कथित तौर पर उसे लगातार फोन कर पैसे की मांग और धमकी दी जाती रही।
पांच लाख की रंगदारी मांगने का आरोप
नसीम ने पूरे मामले की शिकायत नामकुम थाना पुलिस से की। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। केस की जांच एसआई सुनील कुमार गोंड को सौंपी गई। पुलिस ने मामले में फोन कॉल, मोबाइल नंबर, यूपीआई लेनदेन और वीडियो से जुड़े साक्ष्यों की जांच की। रांची पुलिस की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, जांच के दौरान आरोपों से जुड़े साक्ष्य सामने आए। प्रेस रिलीज में बताया गया है कि पीड़ित को मसाज के नाम पर बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई और 46 हजार रुपये व सोने की चेन लूट ली गई। इसके बाद कथित आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है।
पूछताछ में आरोपियों ने क्या बताया
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे मसाज के बहाने लोगों को बुलाते थे। इसके बाद सहयोगियों की मदद से उनके साथ मारपीट कर वीडियो बनाया जाता था और उसी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रुपये और सामान वसूलने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।





