बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत! 3 दिन की देशव्यापी हड़ताल टली, आज से कामकाज सामान्य

नई दिल्ली। बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। बैंक यूनियनों ने सोमवार से प्रस्तावित तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल को टाल दिया है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ हुई बातचीत में कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर आगे चर्चा और समाधान का भरोसा मिलने के बाद यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया। इस फैसले के बाद सोमवार को बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे और ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं मिलती रहेंगी।
IBA के साथ बैठक के बाद लिया गया फैसला
UFBU और IBA के बीच 27 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे बैठक हुई। बैठक के बाद UFBU की ओर से जारी सर्कुलर में बताया गया कि लंबित मुद्दों के समाधान के लिए एक समिति सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी। समिति सभी संबंधित पक्षों से चर्चा कर ऐसा समाधान तलाशेगी, जो हितधारकों के साथ-साथ बैंक ग्राहकों के लिए भी स्वीकार्य हो। UFBU ने कहा कि इन परिस्थितियों को देखते हुए प्रस्तावित आंदोलन और तीन दिन की हड़ताल को फिलहाल टालने का फैसला लिया गया है।
पांच दिन का बैंकिंग वीक प्रमुख मांग
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में हफ्ते में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। इसके तहत शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश देने की मांग की जा रही है। यूनियनों का कहना है कि सरकार और बैंक कर्मचारियों के बीच हुए समझौते को ढाई साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन उसमें किए गए कई वादे अब तक पूरी तरह लागू नहीं हुए हैं।
PLI स्कीम पर भी चर्चा
स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रस्तावित परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम को लेकर भी यूनियनों ने आपत्ति जताई है। बैठक में इस मुद्दे पर सहमति बनी कि यूनियनों और बैंक एसोसिएशनों की ओर से उठाई गई आपत्तियों को दूर करने के लिए IBA सरकार के सामने बदलाव का प्रस्ताव रखेगा। इसके बाद इस मुद्दे पर आगे बातचीत की जाएगी। इसके अलावा 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी जल्द समाधान के लिए चर्चा करने पर सहमति बनी है।
क्यों घोषित की गई थी तीन दिन की हड़ताल
UFBU ने शुक्रवार को तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया था। यूनियनों का कहना था कि समझौते में किए गए वादों के लंबे समय से लंबित रहने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। हिमाचल प्रदेश में UFBU के संयोजक और बैंकर्स यूनाइटेड फोरम ऑफ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने कहा था कि पांच दिन का बैंकिंग वीक लागू करना उनकी प्रमुख मांग है। इसके अलावा नई PLI स्कीम को वापस लेने की मांग भी प्रमुख मुद्दों में शामिल थी। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों का उद्देश्य ग्राहकों को परेशान करना नहीं है। हालांकि, लंबे समय से लंबित मांगों और समझौते में किए गए वादों को लागू कराने के लिए यूनियनों को आंदोलन का सहारा लेना पड़ा।
ग्राहकों को मिली बड़ी राहत
हड़ताल टलने के बाद देशभर के बैंक ग्राहकों को राहत मिली है। हड़ताल होने पर लगातार तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी। अब सोमवार से बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे।





