About News Box Bharat

News Box Bharat
News Box Bharat brings you the latest Hindi news, breaking news, and Jharkhand news, covering politics, business, sports, entertainment, and important national updates. Our mission is to keep you informed with timely news and reliable information.

Recent Posts

+91 6205-216-893 mailnewsboxbharat@gmail.com
Wednesday, October 21, 2026
झारखंड के मंत्री और JMM विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन
अंतिम यात्रा के दौरान सीएम हेमंत सोरेन भी शामिल हुए
JHARKHAND NEWS

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू पंचतत्व में विलीन, बेटे ने दी मुखाग्नि | हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Share the post

रांची- गिरिडीह। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के विधायक और हेमंत सरकार में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार तड़के आकस्मिक निधन हो गया। देर रात अचानक सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। सुदिव्य कुमार सोनू का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनके पुत्र ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि और समर्थक मौजूद रहे।

देर रात अचानक बिगड़ी तबीयत

सुदिव्य कुमार सोनू पिछले कुछ दिनों से गिरिडीह से बाहर थे और दो दिन पहले ही वापस लौटे थे। शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि वह हरसिंगरायडीह स्थित अपने आवास पर थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ। परिजनों ने तत्काल उन्हें गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जांच और उपचार शुरू किया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार दोपहर करीब दो बजे उस स्थान पर पहुंचे, जहां दिवंगत मंत्री का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। मुख्यमंत्री ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। पार्थिव शरीर को देखकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन दोनों भावुक नजर आए।

राज्यपाल-विधानसभा अध्यक्ष ने किया अंतिम दर्शन

रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार दिवंगत मंत्री के आवास पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। इसके अलावा मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री योगेंद्र महतो, मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री हफीजुल हसन अंसारी, झारखंड सरकार की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पर्यटन सचिव नमन प्रियेश लकड़ा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और नेता भी उनके आवास पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने भी दिवंगत मंत्री के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

JMM ने जताया गहरा शोक

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। पार्टी नेताओं ने उनके निधन को संगठन और राज्य के लिए बड़ी क्षति बताया और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।

कांग्रेस ने स्थगित किया लोकभवन घेराव कार्यक्रम

सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के बाद झारखंड कांग्रेस ने 7 सितंबर को प्रस्तावित लोकभवन घेराव कार्यक्रम को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। झारखंड कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि शोक की इस घड़ी को देखते हुए MMDR कानून के खिलाफ 7 सितंबर को प्रस्तावित लोकभवन मार्च-प्रदर्शन और 8 सितंबर को SIR को लेकर प्रस्तावित बैठक भी स्थगित कर दी गई है। कांग्रेस की ओर से जारी संवेदना संदेश में कहा गया कि इस दुख की घड़ी में पार्टी शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। पार्टी ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

झारखंड की राजनीति में बड़ी क्षति

सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन ने झारखंड की राजनीति को स्तब्ध कर दिया है। कम उम्र में उनके निधन से राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों के बीच गहरा शोक है। उनके निधन को झारखंड मुक्ति मोर्चा और राज्य की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Response