

रांची। महिला हॉकी इंडिया लीग (HIL 2025) के दूसरे दिन सूरमा हॉकी क्लब की टीम ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए 3 अंक हासिल किए। रांची मोरहाबादी के मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सूरमा की टीम ने कप्तान व झारखंड की बेटी सलीमा टेटे, शैनन, एंगलबर्ट व सोनम के गोल के मदद से बंगाल टाइगर्स को 4-1 से धो डाला। सूरमा की टीम ने शुरू से ही अटैकिंग खेल खेलकर दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं, अपने घर में खेल रही सूरमा की कप्तान सलीमा टेटे ने गजब का प्रदर्शन कर दर्शकों को खुश कर दिया। सूरमा की ओर से पहला गोल 38वें मिनट में ओलिविया शैननने दागा। दूसरा गोल 42वें मिनट में चार्लोट एंगलबर्ट, 44वें मिनट में कैप्टन सलीमा टेटे और सोनम ने 47वें मिनट में गोलकर टीम को बड़ी जीत दिला दी। बंगाल की ओर से एक मात्र गोल सातवें मिनट में हन्ना कॉटर ने किया।