
रांची। रांची में मेयर पद का चुनाव अब और भी रोचक हो गया है। झारखंड सरकार में शामिल दो बड़ी पार्टियां – कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा – पहले ही अपने-अपने समर्थित उम्मीदवार मैदान में उतार चुकी हैं। अब उनकी सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार यादव ने सुजाता कच्छप को मेयर पद के लिए राजद समर्थित उम्मीदवार घोषित किया। उन्होंने बताया कि यह फैसला पार्टी सुप्रीमो Lalu Prasad Yadav, कार्यकारी अध्यक्ष Tejashwi Yadav और प्रदेश अध्यक्ष Sanjay Kumar Singh Yadav के निर्देश पर लिया गया है। रंजन यादव ने सुजाता कच्छप को ईमानदार और मिलनसार जनप्रतिनिधि बताया। उन्होंने कहा कि सुजाता कच्छप वार्ड नंबर 7 से तीन बार पार्षद चुनी जा चुकी हैं और लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ी रहती हैं। इस बार वे वार्ड नंबर 7 से पार्षद के साथ-साथ मेयर पद की भी उम्मीदवार हैं। राजद ने ऐलान किया है कि अब पार्टी का हर नेता और कार्यकर्ता उनके समर्थन में काम करेगा। राजद ने रांची के अलावा साहिबगंज (राजमहल), दुमका नगर परिषद, बासुकीनाथ नगर पंचायत, जामताड़ा (मिहिजाम नगर परिषद और जामताड़ा नगर पंचायत), देवघर नगर निगम, चतरा नगर परिषद, गिरिडीह नगर निगम, धनबाद नगर निगम, लातेहार नगर पंचायत, विश्रामपुर नगर पंचायत, पलामू (हरिहरगंज, हुसैनाबाद और छतरपुर नगर पंचायत), गढ़वा नगर परिषद और मंझिआंव नगर पंचायत के लिए भी अपने समर्थित उम्मीदवारों की घोषणा की है। रंजन यादव ने कहा कि रांची में 25 वार्डों में भी राजद समर्थित उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। मेयर पद की उम्मीदवार सुजाता कच्छप ने कहा कि वह राजद परिवार की आभारी हैं। उन्होंने बताया कि वह यह चुनाव एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में लड़ रही हैं, लेकिन उनका भविष्य राजद के साथ है, इसलिए वे राजद कार्यालय में मौजूद हैं।





