भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के टिकट 5 और 6 अक्टूबर को मिलेंगे, एक व्यक्ति खरीद सकेगा अधिकतम 2 टिकट

रांची! भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर 2026 को रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को लेकर झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने टिकटों की बिक्री को लेकर जानकारी साझा की है। आम दर्शकों के लिए मैच के टिकटों की बिक्री 5 और 6 अक्टूबर 2026 को की जाएगी। टिकट स्टेडियम की पश्चिमी परिधि में बनाए गए विशेष काउंटरों से सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खरीदे जा सकेंगे। हालांकि, दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा।टिकट खरीदने के लिए प्रति व्यक्ति अधिकतम दो टिकटों की सीमा निर्धारित की गई है। टिकट की कीमत चाहे जो भी हो, एक व्यक्ति दो से अधिक टिकट नहीं खरीद सकेगा। दर्शकों के पास ऑनलाइन टिकट खरीदने का विकल्प भी रहेगा। इसके लिए वे District.in के वेब पोर्टल का इस्तेमाल कर सकते हैं। जेएससीए की ओर से बताया गया है कि टिकटों की अलग-अलग श्रेणियों और उनकी कीमतों की जानकारी पहले ही जारी की जा चुकी है। वहीं, मैच को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जेएससीए ने क्रिकेट प्रेमियों और झारखंड के लोगों को एक यादगार अनुभव देने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही है।





