भारत में Apple Pay की हुई एंट्री, iPhone यूजर्स अब कर सकेंगे कॉन्टैक्टलेस पेमेंट

Apple ने आखिरकार भारत में अपनी पेमेंट सर्विस Apple Pay लॉन्च कर दी है। अब भारत में iPhone, iPad और Apple Watch यूजर्स Apple Pay के जरिए स्टोर, ऐप्स और वेबसाइट्स पर भुगतान कर सकेंगे। शुरुआत में यह सुविधा Axis Bank द्वारा जारी Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड के लिए उपलब्ध होगी।
ऐसे काम करेगा Apple Pay
Apple Pay के जरिए यूजर्स अपने योग्य Axis Bank क्रेडिट कार्ड को Apple Wallet में जोड़ सकते हैं। इसके बाद NFC सपोर्ट वाले स्टोर पर डिवाइस को टैप करके पेमेंट किया जा सकेगा। भुगतान के दौरान अलग से PIN या OTP दर्ज करने की जरूरत नहीं होगी। Face ID, Touch ID या डिवाइस पासकोड के जरिए ट्रांजैक्शन को प्रमाणित किया जा सकता है।
कार्ड जोड़ने के लिए यूजर Axis Bank ऐप के लेटेस्ट वर्जन के जरिए Apple Wallet में कार्ड ऐड कर सकते हैं। इसके अलावा iPhone में Wallet ऐप खोलकर ‘+’ विकल्प से भी योग्य कार्ड जोड़ा जा सकता है।
कार्ड की जानकारी रहेगी सुरक्षित
Apple के अनुसार, Apple Pay इस्तेमाल करते समय वास्तविक कार्ड नंबर डिवाइस या Apple के सर्वर पर स्टोर नहीं होता। इसकी जगह एक Unique Device Account Number बनाया जाता है, जिसे Secure Element में एन्क्रिप्ट करके रखा जाता है। कंपनी का कहना है कि वह ऐसे ट्रांजैक्शन डेटा को अपने पास नहीं रखती, जिसे सीधे यूजर से जोड़ा जा सके।
अभी किन यूजर्स को मिलेगा फायदा?
फिलहाल भारत में Apple Pay का शुरुआती सपोर्ट Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड तक सीमित है। Mac के लिए सपोर्ट बाद में आने की बात कही गई है। Apple ने भविष्य में अन्य बैंकों और कार्ड नेटवर्क के साथ विस्तार की दिशा में भी संकेत दिए हैं।
Apple Pay की भारत में एंट्री ऐसे समय हुई है जब देश में डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि, शुरुआत में इसका दायरा UPI की तरह व्यापक नहीं है और यह मुख्य रूप से NFC आधारित कार्ड पेमेंट पर केंद्रित है।
👉 यह भी पढ़ें:





