झारखंड मतदाता सूची पुनरीक्षण: 29 जुलाई तक जमा करें इन्यूमरेशन फॉर्म, नहीं तो 5 अगस्त की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं होगा नाम

रांची: झारखंड में चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत 29 जुलाई इन्यूमरेशन (Enumeration) फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि है। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो मतदाता निर्धारित समय सीमा तक भरा हुआ एवं हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं करेंगे, उनका नाम 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। इसके बाद मतदाता दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के माध्यम से अपना नाम जुड़वा सकेंगे।
राज्य में 2.64 करोड़ से अधिक पंजीकृत मतदाता
निर्वाचन विभाग के अनुसार, वर्ष 2026 की मतदाता सूची में कुल 2,64,63,236 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 2,64,61,801 मतदाताओं (99.99%) तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचा दिए गए हैं। अब तक 2,20,20,994 मतदाताओं के भरे हुए एवं हस्ताक्षरित फॉर्म प्राप्त हो चुके हैं, जिनका नाम 5 अगस्त को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
डिजिटाइजेशन का कार्य अंतिम चरण में
राज्य के 31 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं, शेष 50 विधानसभा क्षेत्रों में यह कार्य 97 से 99 प्रतिशत तक पूरा हो गया है। कुल मिलाकर अब तक 2,63,76,457 फॉर्म (99.67%) का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है।
43.55 लाख फॉर्म अब तक नहीं लौटे
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 43,55,463 इन्यूमरेशन फॉर्म अब तक वापस प्राप्त नहीं हुए हैं। इसके पीछे कई कारण सामने आए हैं—
- मृत मतदाता: 7,61,755 (2.88%)
- पता नहीं चल सका या अनुपस्थित: 14,59,029 (5.51%)
- स्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थानांतरित: 15,87,496 (6%)
- पहले से अन्य स्थान पर मतदाता के रूप में पंजीकृत: 4,34,541 (1.64%)
- फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार: 1,12,642 (0.43%)
निर्वाचन विभाग की अपील
निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि यदि उन्होंने अभी तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया है तो 29 जुलाई तक संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास या निर्धारित माध्यम से इसे अवश्य जमा करें। समय पर फॉर्म जमा करने पर ही मतदाता का नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जा सकेगा।
👉 यह भी पढ़ें:





