About News Box Bharat

News Box Bharat
News Box Bharat brings you the latest Hindi news, breaking news, and Jharkhand news, covering politics, business, sports, entertainment, and important national updates. Our mission is to keep you informed with timely news and reliable information.

Recent Posts

+91 6205-216-893 mailnewsboxbharat@gmail.com
Wednesday, October 28, 2026
गोल का जश्न मनाते जमशेदपुर एफसी के खिलाड़ी
रेयनियर फर्नांडिस के साथ जश्न मनाते जमशेदपुर एफसी के खिलाड़ी
JHARKHAND NEWSSport

डूरंड कप 2026: रांची में जमशेदपुर का धमाकेदार आगाज, डेब्यू पर रेयनियर फर्नांडिस ने लगाई हैट्रिक

Share the post

रांची। 135वें डूरंड कप 2026 के ग्रुप-सी मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए श्रीलंका आर्म्ड फोर्सेज की टीम डिफेंडर्स एफसी को 5-0 से हराया। रविवार को रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टीम के नए खिलाड़ी रेयनियर फर्नांडिस ने अपने डेब्यू मैच में हैट्रिक लगाकर जीत के हीरो बने। उनके अलावा अमन सी.के. और देवेंद्र धाकू मुरगांवकर ने भी एक-एक गोल किया।

चार मिनट में मिला पहला गोल

जमशेदपुर एफसी ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। चौथे मिनट में सनन मोहम्मद ने बाएं छोर से शानदार क्रॉस दिया, जिस पर रेयनियर फर्नांडिस ने बेहतरीन हेडर लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।

दो मिनट बाद बढ़ी बढ़त

पहले गोल के सिर्फ दो मिनट बाद लालह्रियातपुइया चावंगथु ने शानदार क्रॉस किया। डिफेंडर्स एफसी के गोलकीपर टी.एस. प्रियशन गेंद को पूरी तरह नहीं रोक सके और बाहर निकली गेंद पर रेयनियर फर्नांडिस ने जोरदार शॉट लगाकर स्कोर 2-0 कर दिया।

अमन ने किया शानदार गोल

23वें मिनट में अमन सी.के. को अपनी ही हाफ से लंबा पास मिला। उन्होंने तेज दौड़ लगाते हुए डिफेंडर्स की रक्षा पंक्ति को पीछे छोड़ दिया और आगे बढ़े गोलकीपर के ऊपर से शानदार चिप शॉट लगाकर टीम का तीसरा गोल दाग दिया।

पहले हाफ में ही 4-0 की बढ़त

हाफ टाइम से छह मिनट पहले जमशेदपुर एफसी को चौथा गोल मिला। अमन के लो क्रॉस पर देवेंद्र धाकू मुरगांवकर का प्रयास उनके सीने से टकराकर गोल की ओर चला गया। गेंद की दिशा बदलने से गोलकीपर प्रियशन उसे रोक नहीं सके और स्कोर 4-0 हो गया।

दूसरे हाफ में डिफेंडर्स ने दिखाई लड़ाई

दूसरे हाफ में डिफेंडर्स एफसी ने बेहतर खेल दिखाया। संकल्पा ने शानदार स्लाइडिंग टैकल से एक गोल बचाया, जबकि गोलकीपर प्रियशन ने लगातार दो बेहतरीन सेव कर अपनी टीम को और नुकसान से बचाने की कोशिश की।

रेयनियर ने पूरी की हैट्रिक

मैच के 82वें मिनट में जमशेदपुर एफसी ने पांचवां गोल किया। स्थानापन्न खिलाड़ी लॉमसांगजुआला के शॉट को गोलकीपर ने रोक तो लिया, लेकिन गेंद उनके हाथों से छूट गई। मौके का फायदा उठाते हुए रेयनियर फर्नांडिस ने रिबाउंड पर गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की और टीम की 5-0 की शानदार जीत पर मुहर लगा दी। इस जीत के साथ जमशेदपुर एफसी ने डूरंड कप 2026 के ग्रुप-सी में अपने अभियान का दमदार आगाज किया और अपने इरादे साफ कर दिए कि वह इस बार खिताब की प्रबल दावेदार है।

खेल मंत्री और सांसद ने किया उद्घाटन

झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। स्टेडियम में बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी मौजूद रहे। दर्शकों के उत्साह ने साबित कर दिया कि रांची अब क्रिकेट और हॉकी के साथ-साथ फुटबॉल का भी बड़ा केंद्र बन रहा है।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

मैच के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दर्शकों को केवल जीरो टिकट के माध्यम से प्रवेश दिया गया। सभी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा जांच के बाद ही लोगों को स्टेडियम में जाने की अनुमति मिली। पुलिस, प्रशासन और आयोजन समिति की व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रही।

सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण

उद्घाटन समारोह में भारतीय सेना के जवानों ने अपने साहस और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। हेलीकॉप्टर शो, जेट शो और सैन्य करतबों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इसके साथ ही देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों ने पूरे स्टेडियम का माहौल जोश से भर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में झारखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं पंजाबी गीतों और जोशीले डांस ने भी दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पूरे आयोजन में खेल, संस्कृति और देशभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला।

Leave a Response