
रांची। रामनवमी के जुलूस के दौरान बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेतको गांव में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां 1.33 लाख वोल्ट की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से 6 लोग झुलस गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रामनवमी के मौके पर विभिन्न अखाड़ों द्वारा शोभायात्रा निकाली जा रही थी। जुलूस की समाप्ति के बाद अखाड़ा मिलन के दौरान धार्मिक ध्वज (महावीरी पताका) को स्थापित किया जा रहा था। इसी दौरान ध्वज का डंडा पास से गुजर रही 1,33,000 वोल्ट की हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे करंट फैल गया और वहां मौजूद 6 लोग झुलस गए।
घायलों का अस्पताल में इलाज
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को आनन-फानन में बीटीपीएस डीवीसी और जारंगडीह जनता अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं, हालांकि दो की स्थिति पर विशेष नजर रखी जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही बेरमो एसडीएम मुकेश कुमार मछुआ, एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह, पेटरवार बीडीओ संतोष महतो और थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
पहले ही काटी गई थीं अन्य लाइनें
स्थानीय मुखिया साबिर अंसारी ने बताया कि प्रशासन द्वारा पहले ही 220, 440 और 11,000 वोल्ट की लाइनों को बंद करवा दिया गया था, लेकिन ऊपर से गुजर रही 1.33 लाख वोल्ट की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति नियंत्रण में है और सभी घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है।





