+91 6205-216-893 info@newsboxbharat.com
Tuesday, September 16, 2025
NewsSport

वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी रांची : पहले आओ पहले बैठो | फ्री में देखें स्टेडियम में बैठकर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का मैच

international news | international news latest news | international news latest hindi news | international news news box bharat
Share the post

पहली बार भारत में खेले जाने वाला यह टूर्नामेंट झारखंड की राजधानी में खेला जाएगा

स्टेडियम में दर्शकों की बैठने की संख्या 9 हजार

रांची। रांची में पहली बार वीमेंस एशियन हाॅकी चैंपियनशिप ट्राॅफी 2023 की मेजबानी हॉकी झारखंड कर रहा है। इसका आयोजन मोरहाबादी के मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक किया जा रहा। इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा जापान, चीन, कोरिया , मलेशिया ‍ थाईलैंड की अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी भाग लेंगी। हॉकी इंडिया के महासचिव व हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने बताया कि मैच को लेकर किसी तरह का कोई टिकट दर्शकों के लिए नहीं होगी। सारे मैच दर्शक फ्री में देख सकेंगे। पहले आओ व पहले बैठो के तर्ज पर हॉकी प्रेमी अपने रांची शहर में मैच का लुत्फ उठा सकेंगे।

हर दिन 3 मैच खेला जाएगा

भोलानाथ सिंह ने कहा कि स्टेडियम में दर्शकों की बैठने की संख्या 9 हजार है। इसमें वीआईपी 900 व वीवीआईपी के 150 सीट रिजर्व रहेंगे। बाकि में दर्शक बैठकर सभी मैच का आनंद उठा सकेंगे। हर दिन तीन मैच खेले जाएंगे। पहला मैच दिन के 4 बजे से, दूसरा मैच शाम के 6.30 बजे से व तीसरा मैच रात के 8.30 बजे से खेला जाएगा। मैच को लेकर युद्धस्तरीय तैयारी चल रही है। आपको बता दें कि सीएम हेमंत सोरेन ने भारत में पहली बार खेले जाने वाली झारखंड महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी रांची 2023 के लिए ट्रॉफी का अनावरण व मैस्कॉट जूही की लॉन्चिंग 2 दिन पहले ही किया था। इस मौके पर एफआईएच अध्यक्ष दातो तैय्यब इकराम, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. दिलीप तिर्की, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, हॉकी इंडिया के कोषाध्यक्ष शेखर जे मनोहरन आदि शामिल थे।

भारतीय टीम में झारखंड की 3 खिलाड़ी

27 अक्टूबर से वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत हो रही है। यह आयोजन झारखंड की राजधानी रांची में हो रहा है। भारतीय टीम की घोषणा भी हो चुकी है, जिसमें झारखंड की तीन खिलाड़ी निकी प्रधान, संगीता कुमार व सलीमा टेटे शामिल हैं। साथ ही महिला एशियाई हाॅकी ट्राॅफी की प्रदर्शनी झारखंड के 24 जिलों में किया जा रहा है। 13 को रांची में ट्रॉफी का पहला प्रदर्शनी हुआ था। इसके बाद 14 को देवघर-गोड्डा, 15 को साहेबगंज-पाकुड़ व आज जामताड़ा-दुमका में किया गया। खिलाड़ी ट्रॉफी के साथ नगर भ्रमण कर रहे।

टूर्नामेंट की शुरुआत मलेशिया-जापान के पहले मैच से

झारखंड वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी रांची-2023 की शुरुआत 27 अक्टूबर को मलेशिया और जापान के पहले मैच से होगी। जबकि मेजबान भारत दिन का तीसरा मैच खेलेगा, जहां रांची के मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में थाईलैंड से होगा।

6 टीमें महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में

टूर्मामेंट में कोरिया, मलेशिया, थाईलैंड, जापान, चीन और भारत ट्रॉफी जीतने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। छह टीमों का टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से शुरू होगा और 5 नवंबर को समाप्त होगा। सभी टीमें एक ही पूल का हिस्सा हैं और शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी, जहां तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम चौथे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी और दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें एक-दूसरे से खेलेंगी।

चैंपियन जापान को कोरिया से मिलेगी बड़ी चुनौती

डिफेंडिंग चैंपियन जापान को टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे शानदार टीम कोरिया से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा, जिसने 2010, 2011 और 2016 में टूर्नामेंट के छह में से तीन संस्करण जीते हैं। मेजबान भारत अच्छी फॉर्म में है। विशेष रूप से बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक कांस्य और एफआईएच हॉकी महिला राष्ट्र कप स्पेन 2022 में खिताबी जीत के बाद मेजबान टीम ने 2016 में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती है और 2018 में उपविजेता रही। टीम 27 अक्टूबर को थाईलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी और 2 नवंबर को ग्रुप चरण के आखिरी मैच में कोरिया से भिड़ेगी।

फाइनल में सीएम होंगे मुख्य अतिथि

अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने आज सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात किए। उन्होंने मुख्यमंत्री को रांची में आयोजित होने वाले वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के 5 नवंबर को होने वाले फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया।

Leave a Response