देश के पहले प्रधानमंत्री होंगे नरेंद्र मोदी जो बिरसा मुंडा के गांव जाएंगे | केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने पीएम के होने वाले कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया

15 नवंबर को आएंगे पीएम, बिरसा मुंडा के परिजनों से मिलेंगे

खूंटी के बिरसा मुंडा स्टेडियम में पीएम जनसभा को संबोधित भी करेंगे
रांची। 15 नवंबर झारखंड स्थापना दिवस के दिन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर उनके गांव उलिहातू जाएंगे। नरेंद्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री होंगो जो भगवान बिरसा मुंडा के गांव जाएंगे। 15 नवंबर 2023 को पीएम उलिहातू में भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। साथ ही उनके परिजनों से मुलाकात भी करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी उलिहातू से सीधे खूंटी के बिरसा मुंडा स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही कई योजनाओं का शुभारंभ भी करेंगे। प्रधानमंत्री के खूंटी दौरे को लेकर जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने खूंटी परिसदन भवन में बैठक की। जिसमें जिले के अधिकारी और सांसद शामिल हुए। इसके बाद अर्जुन मुंडा ने खूंटी के बिरसा मुंडा स्टेडियम का जायजा भी लिया। जहां पीएम क ाकार्यक्रम होने वाला है। पीएम के यहां होने वाले कार्यक्रम को लेकर युद्ध स्तरीय कार्य शुरू हो गए हैं।
पीएम का खूंटी आना गौरव की बात : अर्जुन मुंडा
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को खूंटी आ रहे हैं। मीटिंग में प्रधनमंत्री के कार्यक्रम सहित सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई। पीएम के कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई है, लेकिन पीएम के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तय नहीं हुआ है, ये तय होने पर उनके कार्यक्रम का पूरा ब्योरा साझा किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान बिरसा मुंडा की धरती पर आने के लिए काफी उत्साहित हैं। सांसद अर्जुन मुंडा ने सांसद प्रतिनिधियों और पार्टी के कार्यकर्ताओं को बताया कि प्रधानमंत्री का खूंटी आना ही गौरव की बात है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और अपने प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन से क्षेत्र की जनता को लाभ मिलेगा। इस बैठक में पद्मभूषण कड़िया मुंडा, जिला सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार और विभागीय सांसद प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विकसित भारत संकल्प यात्रा का करेंगे शुभारंभ
पीएम 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर विकसित भारत संकल्प यात्रा का उलिहातू से ही शुभारंभ करेंगे। आदिवासी बहुल इलाकों से यात्रा की शुरुआत होगी, जो दो महीने तक चलेगी। इस यात्रा के तहत देशभर के लिए 2500 आईईसी वैन भी रवाना किए जाएंगे।
तीसरी बार खूंटी का दौरा करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार खूंटी आएंगे। प्रधानमंत्री पूर्व में भी खूंटी का दौरा कर चुके है। लेकिन उनका उलिहातू का दौरा पहली बार होगा। इससे पूर्व पीएम सिविल कोर्ट में सोलर प्लांट का उद्घाटन करने पहुंचे थे और दूसरी बार चुनावी सभा को संबोधित करने खूंटी के कचहरी मैदान आए थे।
