
डेस्क। रामनवमी के अवसर पर रांची में निकाली गई शोभायात्राओं के दौरान जेबकतरों का गिरोह सक्रिय था। चुटिया थाना क्षेत्र में जुलूस के दौरान 12 से अधिक लोगों के मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। मामले में रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर चुटिया थाना क्षेत्र समेत विभिन्न इलाकों में शोभायात्राएं निकाली गई थीं। जुलूस में शामिल कई लोगों ने भीड़ के बीच मोबाइल फोन गायब होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें पता चला कि पश्चिम बंगाल से आए अपराधियों द्वारा तपोवन मंदिर सहित विभिन्न जुलूसों में मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
रेलवे स्टेशन के पास से पकड़े गए आरोपी
जांच के दौरान रांची रेलवे स्टेशन के आसपास सघन जांच और पूछताछ की गई। इस दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी की बात स्वीकार कर ली।
पश्चिम बंगाल से आकर करते थे चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) के रहने वाले हैं और अलग-अलग शहरों में भीड़भाड़ वाले आयोजनों में शामिल होकर मोबाइल चोरी करते हैं। चोरी किए गए मोबाइल को वे वापस पश्चिम बंगाल ले जाकर बेच देते थे।
16 मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 16 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इस मामले में चुटिया थाना कांड संख्या 38/26, दिनांक 31.03.2026 के तहत धारा 112/317(5)/3(5) भा.न्या.सं. में केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- भागीरथ सिंह (23 वर्ष), थाना आरसा, जिला पुरुलिया, पश्चिम बंगाल
- सूरज सिंह (19 वर्ष), थाना आरसा, जिला पुरुलिया, पश्चिम बंगाल
- कृष्णा माली (19 वर्ष), थाना किच्छा कोतवाली, जिला रुद्रपुर, उत्तराखंड
अपील
रामनवमी जैसे बड़े आयोजनों में भीड़ का फायदा उठाकर सक्रिय ऐसे गिरोहों से सावधान रहने की जरूरत है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।





