
रांची। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और उत्तर पश्चिम व उत्तर पूर्व से चल रही बर्फीली हवाओं के कारण झारखंड की राजधानी रांची सहित संपूर्ण राज्य में ठंड ने अपना कहर जारी रखा है। राज्य के अधिकांश इलाके शीतलहर की चपेट में हैं और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कांके का पारा 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में, गुमला जिले में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम है। राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान भी घटकर 8.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। कांके और धुर्वा जैसे इलाकों में पिछले तीन दिनों से न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री के बीच ही बना हुआ है। राज्य के अन्य जिलों में भी कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, हजारीबाग और रांची सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
अगले 2-3 दिन तक रहेगी यही स्थिति
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार अगले 2-3 दिनों के दौरान मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। आज भी सुबह घना कोहरा रहने, दोपहर में बर्फीली हवाएं चलने और शाम को सनसनाती हवा की तीव्रता बनी रहने का अनुमान है। दोपहर में आसमान साफ रहने के बावजूद, शीतलहर के कारण लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।





