

रांची। रांची से पाकुड़ जा रही पप्पू नामक यात्री बस का ओरमांझी में हादसा हुआ, जिसमें दो यात्रियों की मौत हो गई है। जबकि 13 लोग घायल हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है। ओरमांझी मे बस अचानक से पलट गई, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा। बस एक ट्रेलर को ओवरटेक करने के चक्कर मे अनियंत्रित हो कर बीच सड़क पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और ओरमांझी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से निकालना शुरू किया। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बस के शीशे तोड़-तोड़ कर घायल यात्रियों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने बताया कि बस के पलटते ही कई यात्री घायल हो गए थे। घायलों की पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए थे। लेकिन वह किसी भी यात्री को बस से निकालने में कामयाब नहीं हो पा रहे थे। इसी बीच कुछ लोग पास के गांव में दौड़ कर गए और ग्रामीणों को मौके पर बुलाकर ले आए। इसके बाद ग्रामीणों ने साबल समेत दूसरी चीजों से बस का शीशा तोड़ना शुरू किया और एक-एक कर घायल यात्रियों को बाहर निकालने लगे। इस बीच मौके पर एम्बुलेंस और डॉक्टर भी पहुंच गए। तीन बेहद गंभीर रूप से घायलों को रांची के रिम्स अस्पताल में भेजा गया, जहां इलाज के दौरान एक यात्री की मौत हो गई।