रांची में चोरों का दुस्साहस: सब-इंस्पेक्टर के बंद मकान में 20 लाख से अधिक की चोरी, CCTV में कैद हुए संदिग्ध
रांची। राजधानी रांची में चोरी की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। अब चोरों ने पुलिसकर्मी के घर को ही निशाना बना लिया है। चुटिया थाना क्षेत्र के पटेल कंपाउंड में हजारीबाग में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोरी गए सामान की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
बंद मकान का ताला तोड़कर घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता का मकान बंद था। इसी का फायदा उठाकर तीन से चार अपराधियों ने घर में प्रवेश किया। चोरों ने घर के अलग-अलग कमरों में रखे सामान की तलाशी ली और कीमती जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान घर में रखे आलमीरा और दीवान के ताले भी तोड़ दिए गए। घटना के बाद कमरों में सामान बिखरा मिला।
सुबह ताला टूटा देख रिश्तेदार को हुआ शक
सब-इंस्पेक्टर के एक रिश्तेदार ने बताया कि सुबह घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखकर उन्हें संदेह हुआ। अंदर जाकर देखा तो घर के सभी ताले टूटे हुए थे। आलमीरा और दीवान को भी तोड़ा गया था, जबकि कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने शशि गुप्ता को घटना की जानकारी दी।
CCTV कैमरा तोड़ने की कोशिश, फुटेज से मिले सुराग
चोरी के दौरान अपराधियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने की कोशिश भी की। हालांकि, उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद हो गईं। ऐसे में पुलिस को संदिग्धों की पहचान करने में फुटेज से मदद मिलने की उम्मीद है।
पुलिस और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद चुटिया थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही अपराधियों के आने-जाने के रास्तों और वारदात में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही चोरी की पूरी रकम और घटना में शामिल अपराधियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।






