सुदिव्य कुमार के निधन के बाद तीनों विभाग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास, सरकार ने जारी की अधिसूचना

रांची। झारखंड सरकार ने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार के पास रहे तीन महत्वपूर्ण विभागों का नया आवंटन कर दिया है। अब नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संभालेंगे। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने 18 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी की है।
मंत्री पद पर रहते हुआ था सुदिव्य कुमार का निधन
इससे पहले ये तीनों विभाग मंत्री सुदिव्य कुमार के पास थे। 6 सितंबर 2026 को मंत्री पद पर रहते हुए उनके आकस्मिक निधन के बाद ये विभाग मंत्री स्तर पर रिक्त हो गए थे। सुदिव्य कुमार गिरिडीह सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे और हेमंत सोरेन सरकार में उन्हें उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के साथ नगर विकास एवं आवास, पर्यटन, कला-संस्कृति तथा खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी।
संविधान के प्रावधानों के तहत हुआ विभागों का आवंटन
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया है कि विभागों का नया आवंटन भारतीय संविधान के अनुच्छेद 166(3) के तहत बनाए गए झारखंड कार्यपालिका नियमावली, 2000 के प्रावधानों के अनुसार किया गया है। अधिसूचना के मुताबिक, संविधान के अनुच्छेद 166(3) के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए झारखंड कार्यपालिका नियमावली-2000 के नियम 6(1) के तहत इन विभागों का आवंटन किया गया है।
अन्य मंत्रियों के विभागों में कोई बदलाव नहीं
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि पहले की अधिसूचनाओं के माध्यम से जिन विभागों का आवंटन अन्य मंत्रियों को किया गया था, उनका कामकाज पहले की तरह जारी रहेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आवंटित किए गए तीनों विभागों की नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
रामदास के निधन के बाद भी सीएम ने संभाला था विभाग
यह पहली बार नहीं है, जब मंत्री के निधन के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग की जिम्मेदारी संभाली है। 15 अगस्त 2025 को तत्कालीन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन का मंत्री पद पर रहते हुए निधन हो गया था। उनके निधन के बाद स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की जिम्मेदारी भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सौंपी गई थी।





