JPSC-JSSC परीक्षा धांधली मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, कोडरमा से दो युवक गिरफ्तार

रांची। झारखंड में JPSC और JSSC की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित धांधली की जांच कर रही CID की टीम ने कोडरमा में बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार देर रात CID की दो अलग-अलग टीमों ने डोमचांच और कोडरमा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों को पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया है। कोडरमा थाना प्रभारी अरबिंद कुमार ने बताया कि CID की टीम गुरुवार रात कोडरमा पहुंची थी। टीम ने डोमचांच के कोलवाढाब से राजेश प्रसाद यादव और कोडरमा के पूर्णानगर से संदीप कुमार को हिरासत में लिया। दोनों को पूछताछ के लिए CID की टीम अपने साथ रांची ले गई है। CID की इस कार्रवाई के बाद नियुक्ति परीक्षा धांधली मामले में कोडरमा से जुड़े कथित नेटवर्क को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब जांच के आगे बढ़ने के साथ यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि दोनों युवकों की भूमिका क्या थी और परीक्षा धांधली मामले में उनका कथित नेटवर्क कितना बड़ा है।
दो अलग-अलग जगहों पर हुई छापेमारी
गिरफ्तार युवकों की पहचान कोडरमा थाना क्षेत्र के पूर्णानगर निवासी संदीप कुमार और डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवढाब निवासी राजेश प्रसाद यादव के रूप में हुई है। CID की टीम ने दोनों के आवास पर छापेमारी कर उन्हें हिरासत में लिया और बाद में पूछताछ के लिए अपने साथ रांची ले गई।
JSSC-CGL मामले की जांच में सामने आए नाम
जानकारी के मुताबिक, JSSC-CGL परीक्षा में कथित धांधली के मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपितों और बिचौलियों से पूछताछ के दौरान इन दोनों युवकों के नाम सामने आए थे। इसके बाद CID ने दोनों के ठिकानों पर कार्रवाई की। जांच एजेंसी को कथित तौर पर जानकारी मिली है कि संदीप कुमार और राजेश प्रसाद यादव एक-दूसरे के परिचित हैं और परीक्षा में सेटिंग कराने के नाम पर मध्यस्थ की भूमिका निभाते थे। हालांकि, इस पूरे मामले में उनकी वास्तविक भूमिका क्या थी, यह CID की पूछताछ और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
यूट्यूब चैनल और ट्रस्ट से भी जुड़ी जानकारी
जांच के दौरान राजेश प्रसाद यादव के यूट्यूब चैनल चलाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, संदीप कुमार द्वारा एक ट्रस्ट संचालित किए जाने की बात भी बताई जा रही है। CID इन गतिविधियों और कथित परीक्षा सिंडिकेट से उनके संपर्कों की भी जांच कर रही है।
परीक्षा सिंडिकेट से संपर्क की जांच
CID के अनुसार, दोनों युवकों के कथित परीक्षा सिंडिकेट से जुड़े लोगों के साथ संपर्क होने की जानकारी मिली है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में कथित सेटिंग कराने में दोनों की क्या भूमिका थी और उनके संपर्क किन-किन लोगों से थे। पूछताछ के दौरान कथित बिचौलियों के नेटवर्क, परीक्षा में सेटिंग कराने की प्रक्रिया और इस मामले से जुड़े अन्य आरोपितों के साथ उनके संबंधों की जानकारी जुटाई जा रही है।





