नीरज चोपड़ा फाइनल में, लेकिन अरशद नदीम और थरंगा पथिरागे ने क्वालिफिकेशन में कितना फेंका?

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पुरुष जेवलिन थ्रो क्वालिफिकेशन राउंड में भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। उनके साथ भारत के रोहित यादव और यशवीर सिंह ने भी टॉप-12 में जगह बनाकर फाइनल का टिकट हासिल किया।
नीरज चोपड़ा ने सुरक्षित रखा फाइनल का स्थान
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो 79.61 मीटर का फेंका, जिससे वह क्वालिफिकेशन में पांचवें स्थान पर रहे। फाइनल में जगह पक्की होने के बाद उन्होंने अपना तीसरा प्रयास नहीं किया।
भारत के अन्य खिलाड़ियों में रोहित यादव ने 78.37 मीटर के साथ नौवां और यशवीर सिंह ने 78.36 मीटर के साथ 10वां स्थान हासिल किया।
मौसम बना बड़ी चुनौती
ग्लास्गो में तेज हेडविंड और लगभग 18 डिग्री सेल्सियस तापमान के कारण खिलाड़ियों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। यही वजह रही कि 84 मीटर के ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन मार्क को कोई भी एथलीट पार नहीं कर सका। ऐसे में नियम के अनुसार टॉप-12 खिलाड़ियों को फाइनल में प्रवेश मिला। पूरे क्वालिफिकेशन राउंड में केवल चार खिलाड़ी ही 80 मीटर से आगे भाला फेंक सके।
थरंगा पथिरागे रहे नंबर-1
श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे ने पहले ही प्रयास में 82.84 मीटर का शानदार थ्रो कर क्वालिफिकेशन में पहला स्थान हासिल किया। इस सीजन में वह दोहा और रोम डायमंड लीग जीत चुके हैं और शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।
ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने 81.29 मीटर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
अरशद नदीम सातवें स्थान पर
पाकिस्तान के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और मौजूदा कॉमनवेल्थ चैंपियन अरशद नदीम ने 78.63 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। वह क्वालिफिकेशन में सातवें स्थान पर रहे और आसानी से फाइनल में पहुंच गए।
वहीं, ट्रिनिडाड एंड टोबैगो के केशोर्न वालकॉट ने 78.26 मीटर के साथ फाइनल में जगह बनाई। दूसरी ओर, केन्या के अनुभवी खिलाड़ी जूलियस येगो 74.50 मीटर के साथ 13वें स्थान पर रहे और फाइनल की दौड़ से बाहर हो गए।
अब फाइनल पर टिकी निगाहें
बैक इंजरी से उबरने के बाद नीरज चोपड़ा ने इस सीजन में दमदार वापसी की है। हालांकि क्वालिफिकेशन में उनका प्रदर्शन उनकी क्षमता के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन फाइनल में उनसे बेहतर प्रदर्शन और भारत के लिए पदक की उम्मीद की जा रही है।
👉 यह भी पढ़ें:





