संजू बाबा के 67 साल: सिगरेट की बट से लेकर जेल तक… संजय दत्त की जिंदगी के 10 ऐसे किस्से, जिन्हें कम ही लोग जानते हैं

बॉलीवुड के ‘संजू बाबा’ यानी संजय दत्त आज 67 साल के हो गए हैं। उनकी जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। बचपन की शरारतें, नशे की लत, मां नरगिस का निधन, विवाद, जेल और फिर दमदार वापसी—हर मोड़ पर उनकी जिंदगी ने नया अध्याय लिखा। जन्मदिन के मौके पर जानिए उनके जीवन के कुछ ऐसे किस्से, जो शायद आपने पहले कभी नहीं सुने होंगे।
1. सिर्फ 6 साल की उम्र में लग गई थी सिगरेट की आदत
संजय दत्त अपने माता-पिता सुनील दत्त और नरगिस के सबसे लाडले थे। एक दिन उन्होंने पिता को सिगरेट पीते देखा और जिज्ञासा में खुद भी सिगरेट पीने लगे। बाद में वे घर आए मेहमानों की बुझी हुई सिगरेट की बटें इकट्ठा कर छिपकर पीते थे। जब यह बात घरवालों को पता चली तो सब हैरान रह गए।
2. इंदिरा गांधी ने दी थी बोर्डिंग स्कूल भेजने की सलाह
संजय की बढ़ती शरारतों से परेशान सुनील दत्त ने अपनी करीबी मित्र और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से सलाह ली। उन्होंने संजय को अनुशासन सिखाने के लिए हिमाचल प्रदेश के लॉरेंस स्कूल, सनावर भेजने की सलाह दी।
3. मां के इलाज के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे… लेकिन जूतों में छिपा रखी थी हेरोइन
1980 में जब नरगिस कैंसर से जूझ रही थीं, तब संजय दत्त खुद नशे की गिरफ्त में थे। लेखक यासिर उस्मान की किताब के मुताबिक, वे न्यूयॉर्क जाते समय अपने जूतों में हेरोइन छिपाकर ले गए थे। बाद में उन्होंने इस बात पर गहरा पछावा भी जताया।
4. मां के लिए खून भी नहीं दे सके
नशे की लत इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों ने उन्हें अपनी मां के लिए ब्लड डोनेट करने की अनुमति तक नहीं दी। यह बात संजय दत्त के जीवन की सबसे बड़ी पीड़ाओं में से एक मानी जाती है।
5. नरगिस की आखिरी इच्छा थी बेटे की फिल्म देखना
कोमा से बाहर आने के बाद नरगिस ने सबसे पहले बेटे की पहली फिल्म ‘रॉकी’ देखने की इच्छा जताई। उन्होंने फिल्म का कुछ हिस्सा देखा और कहा था कि संजय एक दिन बड़ा स्टार बनेगा। लेकिन फिल्म रिलीज होने से सिर्फ चार दिन पहले उनका निधन हो गया।
6. प्रीमियर में मां की कुर्सी रही खाली
‘रॉकी’ के प्रीमियर पर सुनील दत्त ने संजय के बगल वाली एक सीट खाली रखी। वह सीट नरगिस की याद में थी। यह पल वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर गया।
7. प्यार में इतने पजेसिव कि ऋषि कपूर के घर पहुंच गए
टीना मुनीम के साथ रिश्ते के दौरान जब उनके और ऋषि कपूर के अफेयर की अफवाह उड़ी, तो गुस्से में संजय दत्त सीधे ऋषि कपूर के घर पहुंच गए। हालांकि नीतू कपूर ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया।
8. राजेश खन्ना को घंटों घूरते रहे
जब टीना मुनीम और राजेश खन्ना की नजदीकियों की खबरें आईं, तो संजय महबूब स्टूडियो पहुंचे और राजेश खन्ना के सामने कुर्सी डालकर चुपचाप उन्हें देखते रहे। बाद में उन्होंने कहा कि अगर उस दिन राजेश खन्ना कुछ बोल देते, तो शायद बात हाथापाई तक पहुंच जाती।
9. सलमान खान की BMW… और चाबी सीधे समुद्र में!
एक बार सलमान खान ने संजय दत्त को जन्मदिन पर BMW कार गिफ्ट की। लेकिन गुस्से या मस्ती में संजय ने उसकी चाबी समुद्र में फेंक दी। यह किस्सा आज भी बॉलीवुड के सबसे चर्चित किस्सों में गिना जाता है।
10. जेल में बहनों को सिर्फ 2 रुपये का गिफ्ट
1994 में जेल में बंद रहने के दौरान रक्षाबंधन पर संजय दत्त अपनी बहनों को कोई महंगा तोहफा नहीं दे सके। उन्होंने जेल कैंटीन के सिर्फ 2-2 रुपये के चाय-नाश्ते के कूपन ही राखी के उपहार के रूप में दिए।
संजू बाबा… जो हर बार लौटे
संजय दत्त की जिंदगी ने कई बार करवट ली। विवादों, नशे, जेल और निजी दुखों के बावजूद उन्होंने हर बार वापसी की और खुद को साबित किया। शायद यही वजह है कि करोड़ों फैंस आज भी उन्हें “संजू बाबा” के नाम से प्यार करते हैं।
👉 यह भी पढ़ें:





