
रांची। रांची में बढ़ती ठंड और कोहरे के चलते राजधानी से उड़ने वाली कई उड़ानें या तो रद्द हो रही हैं या उनका समय बदला जा रहा है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर जहां उनकी उड़ानें रद्द हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर होटल वाले उनसे मनमाना किराया वसूल रहे हैं। ऐसे मामलों पर संज्ञान लेते हुए राँची के डीएम ने होटल मालिकों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। रांची जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित होटल संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों से भी अपील की गई है कि यदि उनसे मनमाना किराया वसूला जाता है तो वे इसकी शिकायत हेल्पलाइन नंबर पर कर सकते हैं।
लगातार रद्द हो रही हैं उड़ानें
रांची जिला प्रशासन ने बताया है कि ठंड के मौसम में कोहरे और खराब मौसम के कारण हवाई सेवाएं रद्द या देरी से चलने की स्थिति में यात्रियों को अनावश्यक कठिनाइयों से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउस संचालकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, बिरसा मुंडा हवाईअड्डा, रांची ने सूचित किया है कि दिसंबर-जनवरी में घने कोहरे के कारण खासतौर पर उत्तर भारत से आने-जाने वाली उड़ानों में बार-बार रुकावट आती है। ऐसी स्थिति में कई यात्री मजबूरी में होटलों में ठहरते हैं, जिसका कुछ जगहों पर अनुचित फायदा उठाते हुए होटल किरायों में अत्यधिक और मनमानी बढ़ोतरी की शिकायतें मिलती रही हैं।
किराया वृद्धि अनुचित और अस्वीकार्य
ऐसे में रांची जिला प्रशासन स्पष्ट करता है कि आपदा, आपातकाल या हवाई सेवाओं में बाधा की स्थिति में किसी भी तरह की किराया वृद्धि अनुचित और अस्वीकार्य है। ऐसे समय में यात्रियों से तय दर से अधिक शुल्क लेना उपभोक्ता हितों के विरुद्ध है। इसके तहत रांची जिले के सभी होटल संचालकों को निर्देश दिया गया है कि उड़ान रद्द या देरी होने की स्थिति में कमरों के किराये में मनमानी वृद्धि नहीं की जाएगी।
जारी किए गए ये निर्देश
- पहले से निर्धारित/प्रचलित दरों पर ही कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे।
- यात्रियों के साथ सहयोगात्मक और मानवीय व्यवहार किया जाएगा।
- किसी भी तरह के अतिरिक्त या छिपे हुए शुल्क से बचा जाएगा।
- शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
नोट : जन शिकायत हेतु रांची जिला प्रशासन का व्हाट्सएप नंबर : 9430328080





