निशा भगत की मौत में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा व थाना प्रभारी सतीश पर आरोप, पिता ने थाने में दी शिकायत
रांची: आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में अब उनके पिता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अपनी बेटी की मौत को आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश के तहत की गई हत्या होने की आशंका जताई है। आवेदन में पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। सोशल मीडिया पर उनकी बेटी के चरित्र को लेकर कथित तौर पर दुष्प्रचार किया गया। इतना ही नहीं, जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर भी निशा को परेशान करने का आरोप लगाया गया है। पिता का कहना है कि उनकी बेटी को लगातार मानसिक दबाव में रखा गया और तरह-तरह के आरोप लगाकर उसकी छवि खराब करने की कोशिश की गई। उन्होंने यह भी दावा किया है कि निशा ने अपनी मौत से पहले सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया था, जिसमें कई लोगों के नाम लिए थे। लिखित शिकायत में पिता ने संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
आवेदन में इन पर लगाया गया आरोप
अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा, पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पाण्डेय और अन्य पुलिस पदाधिकारियों का भी आवेदन में उल्लेख है। पिता ने अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।






