
रांची | युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए गुरुवार को रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए। मैराथन को पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो, स्वस्थ जीवन अपनाओ”, “युवा शक्ति देश की ताकत है” और “नशामुक्त झारखंड हमारा संकल्प है” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में पूरे राज्य में नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज नशा युवाओं के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है, जिसका असर व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी पड़ता है। इसलिए सरकार लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
उन्होंने कहा कि यह मैराथन केवल दौड़ नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक प्रयास है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।कार्यक्रम में विभाग के निदेशक ने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है। खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सही दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।मैराथन के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त झारखंड बनाने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिला। विभाग का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम समाज में नशे के खिलाफ मजबूत जनजागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





