
गोवा के एक क्लब में रविवार रात भीषण आग लगने से करीब 25 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में झारखंड के तीन युवा भी शामिल हैं, जो कुक का काम करने गोवा गए थे। इनमें रांची के फतेहपुर निवासी प्रदीप महतो (24) एवं उनके भाई विनोद महतो (22), तथा खूंटी के गोविंदपुर निवासी मोहित मंडा (22) शामिल हैं। मृतकों में से दो भाइयों के रिश्तेदार नारायण माथुर ने बताया, वे मेरे भतीजे थे और रेस्टोरेंट की किचन में काम करते थे। मुझे सुबह इस दुर्घटना की जानकारी मिली। हम सभी झारखंड से हैं। क्लब मालिकों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं, जबकि मैनेजर समेत कुछ लोग पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन इस दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी दुख व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।





