

रांची। झारखंड के बोकारो जिले के लालपनिया क्षेत्र के लुगु पहाड़ियों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने राज्य पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया था. इस अभियान के दौरान 21 अप्रैल यानी सोमवार तड़के लालपनिया के लुगु पहाड़ियों में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान 8 नक्सलियों को मार गिराया है। अभियान में शामिल पुलिस बल के जवानों ने मौके से एक एसएलआर और एक इंसास राइफल बरामद की। झारखंड पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार नक्सलियों के एक बड़े दल के इलाके में भ्रमणशील होने की सूचना पर अभियान के लिए निकले सुरक्षाबलों पर नक्सलियों ने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी हमले में झारखंड पुलिस और केंद्रीय बलों के जवानों ने नक्सलियों के खिलाफ फायरिंग की। बताया जा रहा है कि 10 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। हालांकि अभी तक 8 के शव बरामद किए जा चुके हैं। झारखंड पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 1 करोड़ के इनामी नक्सली विवेक के दस्ते के साथ यह मुठभेड़ हुई है। जानकारी के मुताबिक इस मुठभेड़ में नक्सली कमांडर विवेक और अरविंद यादव भी मारे गए हैं। विवेक पर एक करोड़ रुपये का इनाम था, जबकि अरविंद यादव पर 10 लाख रुपये का इनाम था।