

रांची। झारखंड में हल्की ठंड के बीच हर दिन मौसम में बदलाव हो रहा है। पिछले 24 घंटे से मौसम शुष्क बना रहा। पश्चिम से आ रही ठंडी हवाओं के कारण राज्य के कई जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में मामूली कमी दर्ज की गई है। शनिवार को झारखंड में सबसे न्यूनतम तापमान खूंटी में 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सरायकेला खरसावां में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम केंद्र, रांची ने ताजा मौसम अपडेट बुलेटिन में बताया है कि अगले दो दिनों तक राज्य के किसी भी जिले में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के संकेत नहीं हैं। आज से न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। 16 और 17 फरवरी को सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ होगी, उसके बाद आसमान लगभग साफ रहेगा। मौसम केंद्र, रांची के अनुसार 16 फरवरी को रांची और आसपास के क्षेत्रों में आसमान लगभग साफ रहेगा और तापमान 14℃ से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 18 और 19 फरवरी को सुबह की शुरुआत राज्य के अधिकांश जिलों में कोहरे के साथ होगी, उसके बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। 20-21 फरवरी को राज्य में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे, गरज के साथ बारिश की संभावना है.