LPG Cylinder।गैस उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर, 30 सितंबर तक करा लें e-KYC, वरना रुक सकती है गैस और सब्सिडी

घरेलू गैस सिलिंडर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सूचना सामने आई है। हाथरस जिले में गैस कनेक्शन की e-KYC कराने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 बताई गई है। तय समय तक e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी रूप से ब्लॉक किए जा सकते हैं और सब्सिडी पर भी असर पड़ सकता है।
जिला पूर्ति अधिकारी विकास गौतम के अनुसार, फर्जी गैस कनेक्शनों पर रोक लगाने और सब्सिडी की राशि DBT के जरिए सही लाभार्थी तक पहुंचाने के उद्देश्य से e-KYC कराई जा रही है। इसके लिए गैस एजेंसियों को आधार सत्यापन और बायोमेट्रिक प्रक्रिया के जरिए उपभोक्ताओं की पहचान सत्यापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हजारों उपभोक्ताओं की e-KYC अभी बाकी
आंकड़ों के मुताबिक हाथरस में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 1,19,029 कनेक्शन हैं। इनमें से 1,05,088 उपभोक्ता e-KYC करा चुके हैं, जबकि 13,941 कनेक्शनों की e-KYC बाकी है।
वहीं, सामान्य घरेलू गैस कनेक्शनों की संख्या 1,18,316 बताई गई है। इनमें 99,562 उपभोक्ताओं की e-KYC पूरी हो चुकी है, जबकि 18,754 उपभोक्ताओं की प्रक्रिया अभी बाकी है।
e-KYC नहीं कराई तो क्या होगा?
प्रशासन के मुताबिक 30 सितंबर के बाद बिना e-KYC वाले कनेक्शन अस्थायी रूप से ब्लॉक किए जा सकते हैं। इसके साथ ही सब्सिडी मिलने में भी परेशानी हो सकती है। इसलिए जिन उपभोक्ताओं की e-KYC अभी तक नहीं हुई है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
गांवों में लगाए जा रहे हैं कैंप
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिले में अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार एसडीएम और पूर्ति निरीक्षकों को गांवों में कैंप लगाकर e-KYC कराने के निर्देश दिए गए हैं।
गैस उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार न करें और समय रहते अपनी गैस एजेंसी के माध्यम से e-KYC पूरी करा लें।





