रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी। पुलिस अलर्ट पर । जांच में जुटी साइबर सेल

झारखंड की राजधानी रांची में उस समय हड़कंप मच गया जब रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। यह धमकी एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ईमेल के माध्यम से दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और पूरे कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन जांच अभियान चलाया गया।
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सूचना मिलते ही रांची पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। बम स्क्वॉड ने पूरे कोर्ट परिसर, बिल्डिंग और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और फिलहाल बम की सूचना अफवाह साबित हुई है।
फेक मेल की आशंका, लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क
रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन ने बताया कि कोर्ट प्रशासन को धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा जांच शुरू कराई गई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से कोई जोखिम नहीं लिया गया और पूरे परिसर की जांच कराई गई। एसएसपी के अनुसार, शुरुआती जांच में यह फेक मेल प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी साइबर सेल
धमकी देने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस ईमेल आईडी, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल ट्रेस की जांच कर रही है ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके। पुलिस ने कहा है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read More




