कुख्यात अपराधी सजाउद्दीन को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा | वेष बदलकर कांके में छिपा था


रांची। पिठोरिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कुख्यात अपराधी सजाउद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सजाउद्दीन को कांके थाना क्षेत्र से दबोचा है। सजाउद्दीन पर दर्जनों मामले दर्ज हैं। कई केस में वह फरार चल रहा था। इस बीच पिठोरिया पुलिस को उसकी सूचना मिली। पुलिस जैसे ही अपराधी सजाउद्दीन को पकड़ने कांके पहुंची, वह दुम दबाकर भागने लगा। इस दौरान उसने पुलिस पर भी हमला किया। इसके बाद पुलिस ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। जिसके बाद पुलिस उसे पिठोरिया थाना ले गई। जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सजाउद्दीन अपना वेष बदलकर कांके थाना क्षेत्र के इलाके में छुपा था। पुलिस ने बताया कि पिछले एक महीने में रांची के अलग-अलग थानों में सजाउद्दीन पर गंभीर धाराओं में 3 मामले दर्ज किए गए हैं। जिसमें रंगदारी, जानलेवा हमला, लूटपाट, मारपीट व अन्य शामिल हैं। रंगदारी, जमीन पर कब्जा, मारपीट जैसे घटनाओं को सजाउद्दीन लगातार अंजाम दे रहा था। सजाउद्दीन को पुलिस ने जिला बदर भी किया था।
दर्जनों कांड में वंछित है सजाउद्दीन
कुख्यात सजाउद्दीन पर रांची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्जनों मामले दर्ज हैं। पिठोरिया थाना में 12/19, 97/20, 128/20, 22/2022, 135/23, 12/24, 33/24, 46/24, 135/24 व लोअर बाजार थाना में 314/24 कांड संख्या दर्ज हैं। सभी मामले में गंभीर धाराएं हैं। सजाउद्दीन की गिरफ्तारी के बाद लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास जगा है।
रंगदारी के लिए किया था जानलेवा हमला
बीते 18 दिसंबर को अपराधी सजाउद्दीन और उसके गुर्गों ने जानलेवा हमला की घटना को अंजाम दिया था। घटना को लेकर सफदर सुल्तान ने कोकदोरो निवासी सजाउद्दीन अंसारी, शाहिद अंसारी उर्फ छोटू उर्फ तारीफ अंसारी, रमीज अंसारी, इरशाद अंसारी, खालिक अंसारी, बबलू उर्फ अर्सलान अंसारी, समशाद अंसारी, शहबाज अंसारी, और उपरकोनकी निवासी साहिल अंसारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अपराधी महिंद्रा थार (जेएच-01-एफएफ-1471) और बलेनो कार (जेएच-01-एफबी-3929) में सवार होकर पहुंचे थे।